Latest News

मुख्मंत्री लाड़ली बहना योजना बनी नीमच की अंतिमबाला के परिवार की आर्थिक संबल

Neemuch headlines July 11, 2026, 7:52 pm Technology

नीमच । मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ उनके परिवार की खुशहाली का भी आधार बन रही है। योजना के तहत प्राप्त होने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के दैनिक खर्चों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं इसी क्रम में नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 की निवासी श्रीमती अंतिमबाला कुमावत भी योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1,250 रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। अंतिमबाला बताती हैं कि योजना से मिलने वाली इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की ट्यूशन फीस, पढ़ाई-लिखाई एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं पर करती हैं। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और बच्चों की शिक्षा नियमित रूप से जारी रखने में सहायता मिली है। अंतिमबाला का कहना है कि पहले बच्चों की पढ़ाई का खर्च जुटाना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से उन्हें काफी राहत मिली है। इससे वे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निश्चिंत होकर उनकी शिक्षा पर ध्यान दे पा रही हैं। वे कहती हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार करने में सहयोग दिया है. योजना से लाभान्वित अंतिमबाला कुमावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Post