सरवानिया महाराज। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक नीमच के निर्देशानुसार भूमि एवं रास्तों से संबंधित विवादों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस चौकी सरवानिया महाराज (थाना जावद) में पुलिस एवं राजस्व विभाग का संयुक्त शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भूमि और रास्तों से जुड़े करीब 20 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें से लगभग 10 मामलों का आपसी समन्वय, समझाइश एवं सहमति के माध्यम से मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। शिविर में तहसीलदार नवीन गर्ग, निरीक्षक विनोद राठौर राजावत (मोरवन), पटवारी पुष्कर नायक, अरुण आर्य, विष्णु पाटीदार, थाना जावद से उप निरीक्षक आर.एस. चौहान, चौकी प्रभारी गोपाल तनान, एएसआई किशनलाल परिहार सहित पुलिस चौकी सरवानिया महाराज का पुलिस बल एवं राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा। अधिकारियों ने बताया कि भूमि एवं रास्तों से जुड़े विवादों के शांतिपूर्ण और त्वरित समाधान के लिए इस प्रकार के संयुक्त शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके और अनावश्यक विवादों पर रोक लगाई जा सके।