Latest News

विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या स्थिरीकरण माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली गई

Neemuch headlines July 11, 2026, 7:46 pm Technology

नीमच । विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण माह के शुभारंभ पर जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ.आर.के. खद्योत, सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील तथा डॉ.संगीता भारती ने जिला चिकित्सालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत ने बताया कि जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण सेवा प्रदायगी सप्ताह मनाया जाएगा।

इस दौरान विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नसबंदी शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा परिवार नियोजन सेवाएं सुलभ कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए विभिन्न परिवार नियोजन साधन 'बास्केट ऑफ चॉइस' के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें निरोध, माला-डी, माला-एन, छाया गर्भनिरोधक गोली, आकस्मिक गर्भनिरोधक गोलियां तथा अंतरा इंजेक्शन शामिल हैं। हितग्राही अपनी आवश्यकता एवं इच्छा के अनुसार इनमें से किसी भी अस्थायी साधन का चयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त महिला एवं पुरुष नसबंदी की स्थायी सेवाएं भी जिले में निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पात्र हितग्राही शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेकर परिवार कल्याण कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। जागरूकता रैली जिला चिकित्सालय नीमच से प्रारंभ होकर फ्रूट मार्केट, हेमू कालानी चौराहा एवं सिंधी कॉलोनी मार्ग से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी आशा कार्यकर्ता तथा ज्ञानोदय नर्सिंग महाविद्यालय के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर सीमित परिवार के लाभों का संदेश दिया तथा नारों के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर मानव अधिकार आयोग के मित्र कमलाशंकर कारपेंटर एवं देवीलाल वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post