मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बनी मुस्कान के सपनों का संबल शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि से निर्बाध जारी है उच्च शिक्षा की राह

Neemuch headlines July 10, 2026, 8:42 pm Technology

नीमच । मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रदेश की बेटियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से दी जा रही शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि अनेक बालिकाओं के लिए शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है। नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी मुस्कान धनगर भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपनी शिक्षा आत्मविश्वास के साथ जारी रखे हुए हैं। मुस्कान को योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं में 2 हजार रुपये, कक्षा 9वीं में 4 हजार रुपये, कक्षा 11वीं एवं 12वीं में 6-6 हजार रुपये तथा महाविद्यालयीन शिक्षा के लिए 12 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। मुस्कान बताती हैं कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता से उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी है। पुस्तकों, अध्ययन सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति में यह राशि उपयोगी सिद्ध हुई है। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम हुआ और उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने का आत्मविश्वास मिला। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को शिक्षा के विभिन्न चरणों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो। मुस्कान धनगर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना से उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में बड़ी सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटियों के सपनों को साकार करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जो उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

Related Post