रतलाम। जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम तथा फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने विक्रम नगर क्षेत्र में हुई नकबजनी के प्रकरण में लंबे समय से फरार ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹1.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
प्रकरण में थाना स्टेशन रोड पुलिस द्वारा पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग ₹3.60 लाख कीमत के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹5.40 लाख कीमत के चोरी गए आभूषण बरामद किए गए हैं। दिनांक 23 नवंबर 2025 की रात्रि विक्रम नगर, रतलाम निवासी फरियादी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। अगले दिन प्रातः करीब 05:30 बजे उनकी पत्नी ने उठकर देखा तो घर के एक कमरे का सामान बिखरा हुआ था तथा मकान के पीछे की खिड़की पर लगी लोहे की जाली टूटी हुई थी। परिवार द्वारा घर एवं अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने का हार सेट, कान के आभूषण, अंगूठियां, सोने के कंगन, चेन, सोने का टुकड़ा, सोने का सिक्का, चांदी के सिक्के, बिछिया, पायल, चांदी की गणेश एवं लक्ष्मीजी की मूर्तियां, हाथ घड़ियां तथा ₹5 हजार नगद गायब मिले। अज्ञात बदमाशों द्वारा मकान के पीछे लगी खिड़की की जाली तोड़कर घर में प्रवेश किया गया था। इसी दौरान मकान के नीचे स्थित जनसंपर्क कार्यालय एवं एक किरायेदार के मकान का ताला भी टूटा हुआ पाया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड पुलिस द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विशेष टीम गठित कर शुरू की गई आरोपियों की तलाश -घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने के साथ ही तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार तलाश की गई। पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पूर्व में एक आरोपी गिरफ्तार कर ₹3.60 लाख के आभूषण किए थे बरामद थाना स्टेशन रोड पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए दिनांक 09 फरवरी 2026 को आरोपी राधे पारधी पिता सोहन पारधी, निवासी बजरंग नगर, रतलाम को गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए लगभग ₹3.60 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए थे। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश एवं दबिश की कार्रवाई जारी रखी गई। ₹5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखते हुए फरार आरोपियों की तलाश की। इसी क्रम में दिनांक 05 जुलाई 2026 को घटना में शामिल फरार एवं ₹5 हजार के इनामी आरोपी अविनाश पारधी पिता स्व. हिम्मत पारधी, निवासी बजरंग नगर, रतलाम को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए लगभग ₹1.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
थाना स्टेशन रोड पुलिस द्वारा प्रकरण में लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से ₹3.60 लाख एवं वर्तमान में गिरफ्तार इनामी आरोपी से ₹1.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल ₹5.40 लाख कीमत का चोरी गया मशरूका बरामद किया जा चुका है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए शेष मशरूके की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी 1. राधे पारधी पिता सोहन पारधी, निवासी बजरंग नगर, रतलाम। वर्तमान में गिरफ्तार इनामी आरोपी 1. अविनाश पारधी पिता स्व. हिम्मत पारधी, निवासी बजरंग नगर, रतलाम। फरार आरोपी 1. देवा पिता सुरेश पारधी। 2. सचिन पिता भल्ला पारधी। 3. बाला उर्फ चंदन पिता बादाम पारधी। जब्त मशरूका पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से लगभग ₹3.60 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी से लगभग ₹1.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद। कुल बरामद मशरूका लगभग ₹5.40 लाख । सराहनीय भूमिका इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन, उपनिरीक्षक विजय बामनिया, उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक एलेक्जेंडर, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक विजय मीणा, आरक्षक लाखन सिंह, आरक्षक अनिल सोलंकी एवं आरक्षक प्रेमसिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।