Latest News

मंदसौर में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13.850 किलो एमडी ड्रग और केमिकल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।

Neemuch headlines June 24, 2026, 7:14 pm Technology

मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "ड्रग फ्री मध्यप्रदेश" अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित एमडी (MD) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग, 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ (केमिकल) सहित ड्रग निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना नई आबादी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत पर बने पक्के मकान में दबिश दी। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से संचालित एमडी ड्रग निर्माण इकाई का खुलासा हुआ। मौके से पुलिस ने 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग, 9 किलो 109 ग्राम केमिकल के अलावा स्टील के बड़े मटके, सेंट्रीफ्यूगल मशीन, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, प्लास्टिक ड्रम, बाल्टियां, हैलोजन लाइटें एवं अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मामले में थाना नई आबादी पर अपराध क्रमांक 115/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/25/29 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदाकत खान (41) निवासी अरोरा कॉलोनी, मंदसौर तथा आरिफ अजमेरी (33) निवासी अरनिया निजामुद्दीन, थाना नई आबादी के रूप में हुई है। वहीं ताहिर अजमेरी निवासी बाजखेड़ी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौर, थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी, थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, चौकी प्रभारी बूढ़ा उप निरीक्षक विकास गेहलोत, उप निरीक्षक विनय बुंदेला सहित नई आबादी एवं वायडी नगर पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

Related Post