Latest News

रोजगार से समृद्धि की ओर": झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग स्थापना को मिलेगी रफ्तार

Neemuch headlines June 5, 2026, 7:41 pm Technology

नीमच । 194 भूखंडों में से 45 इकाइयां शुरू, 2500 से अधिक को मिला रोजगार, 21 इकाइयों का निर्माण प्रगति पर जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित साइट ऑफिस में निवेशकों एवं भूखंडधारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ ने उद्योग स्थापना से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए निवेशकों से अपनी परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मिले और जिले की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिले। भूखंडों की स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा: बैठक में बताया गया कि झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कुल 194 भूखंड आवंटित हो चुके हैं। इनमें से 89 प्लॉट पर 45 इकाइयां शुरू हो चुकी हैं जिनमें उत्पादन चल रहा है।

इन इकाइयों के माध्यम से लगभग 2500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। 21 इकाइयों में फैक्टरी निर्माण कार्य प्रगति पर है। शेष भूखंडों पर भी उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को गति देने के लिए निवेशकों से विस्तृत चर्चा की गई। "निवेश का बेहतर माहौल बनाएं": कार्यकारी संचालक श्री राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। निवेशक भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उद्योग स्थापना में तेजी लाएं। "औद्योगिक विकास किसी एक संस्था या विभाग का कार्य नहीं है, बल्कि इसमें निवेशकों, उद्योगपतियों और प्रशासन की साझा भागीदारी आवश्यक है।" उन्होंने आग्रह किया कि निवेशक अपने उद्योगों की स्थापना में अनावश्यक विलंब न करें और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाओं को पूरा करें। विलंब करने वालों पर होगी कार्रवाई: श्री राठौड़ ने उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि "औद्योगिक विकास में बाधक बनने या जमीन लेने के बाद भी प्लांट लगाने में कोताही बरतने वालों के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।" "छोटे जिलों में भी तेज हो औद्योगिकीकरण": मुख्यमंत्री का विजन उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट विजन है कि प्रदेश के छोटे और मध्यम जिलों में भी औद्योगिकीकरण की गति तेज हो। इसी सोच के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है और निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में मौजूद निवेशकों ने एमपीआईडीसी की इस पहल का स्वागत करते हुए उद्योग स्थापना के कार्यों में तेजी लाने का आश्वासन दिया और माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुसार जिले के औद्योगिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्‍वास दिलाया।

Related Post