सिंगोली में 2 अगस्त को विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

प्रदीप जैन August 1, 2026, 10:08 am Technology

सिंगोली। नगर सिंगोली में आगामी रविवार, 2 अगस्त 2026 को प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक दीनबंधु विला (जिनेन्द्र एजुकेशन अकादमी), तुरकिया रोड, सिंगोली में एक दिवसीय विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर स्व. श्री लक्ष्मीलाल गांधी एवं स्व. श्रीमती ताराबाई गांधी की पुण्य स्मृति में आयोजित होगा। शिविर में श्री जैन दिवाकर लाभमुनि नेत्र चिकित्सालय, मंदसौर के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा आंखों की जांच एवं नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा।

मोतियाबिंद के पात्र मरीजों के ऑपरेशन भी नि:शुल्क मंदसौर अस्पताल में किए जाएंगे। ऑपरेशन के लिए आने-जाने एवं भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।

मरीजों से आधार कार्ड साथ लाने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा कृष्णा हॉस्पिटल, भीलवाड़ा के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जनरल सर्जरी, यूरोलॉजी, ईएनटी, स्त्री रोग एवं मल्टी स्पेशियलिटी से संबंधित रोगों की जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। शिविर में पेट एवं पित्ताशय की बीमारियां, हर्निया, अपेंडिक्स, किडनी स्टोन, प्रोस्टेट, गर्भाशय संबंधी समस्याएं, बवासीर, फिशर, फिस्टुला, पैरों के रोग, स्लिप डिस्क, हड्डी एवं जोड़ संबंधी रोग, नाक-कान-गला तथा स्त्री रोगों सहित विभिन्न बीमारियों का परीक्षण एवं उपचार संबंधी परामर्श उपलब्ध रहेगा।

मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, आरजीएचएस एवं अन्य पात्र योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मरीजों से अनुरोध है कि वे अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट एवं आधार कार्ड साथ लेकर आएं। शिविर के आयोजक दीनबंधु ट्रैक्टर पार्ट्स के संचालक पूरण प्रकाश गांधी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ लेने की अपील की है।

ऑपरेशन हेतु नि:शुल्क पंजीयन के लिए दीपक पायाक – 96942 13277 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Post