नीमच । अब UPI लिंक्ड डिजिटल क्रेडिट कार्ड से मिलेगी 30,000 रू. तक की सुविधा प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत नीमच जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की राज्य स्तरीय रैंकिंग में 7वाँ स्थान प्राप्त किया है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक ऋण वितरण कर प्रदेश में अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है।
लक्ष्य से अधिक उपलब्धि: जिले को कुल 3957 प्रकरणों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 5649 आवेदन विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए गए। इनमें से 4408 प्रकरण स्वीकृत हुए तथा 4190 पात्र पथ विक्रेताओं को ऋण वितरण किया गया। इस प्रकार जिले ने लक्ष्य के विरुद्ध 106 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि अर्जित की है। तीन चरणों में मिलता है लाभ: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य रेहड़ी, ठेला, फेरी, हाथ ठेला, फुटपाथ एवं अन्य छोटे स्वरोजगार व्यवसाय संचालित करने वाले पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के प्रथम चरण में ₹15,000 तक, द्वितीय चरण में ₹25,000 तक तथा तृतीय चरण में ₹50,000 तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को अगले चरण का ऋण मिलता है। नियमित डिजिटल लेन-देन पर कैशबैक एवं ब्याज अनुदान की सुविधा भी दी जाती है। डिजिटल क्रेडिट कार्ड की नई सुविधा: योजना के अंतर्गत अब पात्र हितग्राहियों को UPI लिंक्ड डिजिटल क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यह क्रेडिट कार्ड पथ विक्रेताओं को ₹30,000 तक की डिजिटल क्रेडिट सीमा प्रदान करता है, जिससे व्यवसाय संचालन हेतु त्वरित वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके। नगरीय निकायों का योगदान: नगर पालिका परिषद नीमच, नगर परिषद सरवानिया महाराज, रतनगढ़, जीरन, मनासा, सिंगोली, अठाना, जावद, रामपुरा, नयागांव, डिकेन एवं कुकड़ेश्वर द्वारा निरंतर शिविरों, सर्वेक्षण एवं हितग्राही संपर्क अभियान संचालित कर पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ा गया।
नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा जिले में सर्वाधिक प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए गए, जिसका जिले की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा। पीएम स्वनिधि 2.0 प्रारंभ: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 प्रारंभ हो चुकी है। जिले के समस्त नगरीय निकायों में नवीन आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। पात्र पथ विक्रेता, रेहड़ी एवं ठेला व्यवसायी अपने क्षेत्र की नगर पालिका/नगर परिषद में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। अधिकारी का कथन: "प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से जिले के पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम मिला है। सभी संबंधित विभागों, नगरीय निकायों एवं बैंकिंग संस्थाओं के सहयोग से नीमच जिले ने प्रदेश में 7वाँ स्थान प्राप्त किया है।
आगामी समय में और अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के प्रयास किए जाएंगे।"