प्रतिभा को सम्मान, संस्कार को पहचान": कुकडेश्वर में कुशवाह समाज का सम्मान समारोह

Neemuch headlines May 30, 2026, 6:31 pm Technology

नीमच । 60% से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र वितरित कुश कल्याण मंच के तत्वावधान में क्षत्रिय सूर्यवंशी कुशवाह सकल छोकरा समाज द्वारा कुकडेश्वर में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, प्रगतिशील किसानों, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों तथा जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का स्वागत-सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथिगण: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, इंदौर विधायक महेंद्र सिंह हार्डिया, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, प्रांतीय कुशवाह समाज के अध्यक्ष योगेश मानसिंह कुशवाह, प्रदेश उपाध्यक्ष उज्जैन मुन्नासिंह कुशवाह, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़वानी भगीरथ कुशवाह, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल कुशवाह, प्रांतीय अध्यक्ष सोनू कुशवाह, नगर पालिका अध्यक्ष कुकडेश्वर श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा एवं श्री नरेंद्र मालवीय मंचासीन थे। स्वागत-सम्मान: कुश कल्याण मंच कुशवाह समाज के जिला अध्यक्ष गणपत कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष बलराम कुशवाह सहित समिति सदस्यों ने सभी अतिथियों का माला, शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। प्रतिभाओं का सम्मान: रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

साथ ही प्रगतिशील किसानों, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का भी अभिनंदन किया गया।इस मौके पर जनप्रतिनिधि कुशवाहा समाज के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित थे।

Related Post