मेष साप्ताहिक राशिफल :-
मेष राशि वालों के लिए यह सप्ताह बेहद शुभ रहने वाला है। ऐसे में जिंदगी के अच्छे पलों को बिताने के लिए तैयार हो जाइए। इस सप्ताह आपको घर और बाहर दोनों जगह ढेर सारी खुशियां, सुख, सहयोग और लाभ की प्राप्ति होगी। पूरे हफ्ते करियर-कारोबार में आपको अनुकूलता बनी रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में बड़ी उपलब्धि और सीनियर की तरफ से प्रशंसा प्राप्त हो सकती है। किस्मत का साथ और आपके द्वारा किया परिश्रम आपकी सफलता का बड़ा कारण बनेगा। आप अपने लक्ष्य को समय से पहले बेहतर तरीके से पूरा करने में कामयाब होंगे। कार्य-व्यवसाय में विपरीत लिंगी व्यक्ति से विशेष सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य में घर-परिवार में धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। इस दौरान युवा वर्ग को हास-परिहास के अवसर प्राप्त होंगे। जीवनसाथी और परिवार के सदस्यों के साथ् सुखद समय व्यतीत करेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध का समय कारोबार की दृष्टि से शुभ और लाभप्रद रहेगा। इस दौरान व्यवसाय के सिलसिले में की गई यात्रा लाभप्रद और कारोबार को आगे बढ़ाने वाली साबित होगी। सेहत सामान्य रहेगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे और आपसी विश्वास बढ़ेगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी को लाल पुष्प और गुड़-चने का भोग अर्पित करके श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
वृषभ साप्ताहिक राशिफल :-
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए हुए है। इस सप्ताह वृषभ राशि के जातकों को कोई भी बड़ा फैसला आवेश में आकर या फिर भावना में बहकर नहीं लेना चाहिए। इस सप्ताह किसी को भी हां और न दोनों को कहने से पहले खूब सोच-विचार करें। सप्ताह के पूर्वार्ध में भूमि-भवन से जुड़े मामले आपकी चिंता का कारण बनेंगे। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में अड़चनें आएंगी। इस संबंध में स्वजनों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके काम में अड़ंगे डालने की कोशिश कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों इस सप्ताह अपने सीनियर और जूनियर दोनों से बेहतर तालमेल बिठाकर चलने की आवश्यकता रहेगी। वृषभ राशि के जातकों को इस सप्ताह धन संबंधी मामलों में सावधानी बरतनी चाहिए। किसी को रुपये उधार देने या फिर शेयर आदि में लगाने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। छात्र वर्ग का इस सप्ताह पढ़ाई-लिखाई से मन उचट सकता है। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए थोड़ा दिक्कतों भरा रह सकता है। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए लोगों को सुनें ज्यादा और बोलें कम। प्रेम संबंध में संवाद की कमी रहेगी। जिसके कारण गलतफहमियां दूर होने की बजाय बढ़ सकती हैं।
उपाय: प्रतिदिन विधि-विधान से शक्ति की साधना तथा दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
मिथुन साप्ताहिक राशिफल :-
मिथुन राशि के जातकों के लिए इस सप्ताह संघर्ष के बाद ही सफलता के योग बनेंगे। सप्ताह की शुरुआत में घर-परिवार से जुड़े मामले और आपकी सेहत से संबंधित समस्या चिंता का बड़ा कारण बनेगी। इस दौरान आपको घरेलू समस्याओं का समाधान निकालने तथा कागजी काम निपटाने के लिए थोड़ा ज्यादा ही भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस सप्ताह राजनीति और समाज सेवा से जुड़े लोगों के लिए थोड़ा चुनौती भरा रह सकता है। आपके सामने अचानक से कोई बड़ी समस्या आ सकती है, जिससे निपटने के लिए आपको अपनी पूरी ताकत झोंकनी पड़ेगी। स्टूडेंट्स को भी पढ़ाई-लिखाई में कुछेक परेशानियों से जूझना पड़ सकता है। कुल मिलाकर परीक्षा में मनचाहे परिणाम को पाने के लिए आपको सामान्य से अतिरिक्त परिश्रम और प्रयास की आवश्यकता रहेगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपके लिए सप्ताह का पूर्वार्ध सामान्य लेकिन उत्तरार्ध मनचाहे फल दिलाने वाला साबित होगा। ऐसे में आपको अपने बड़े कारोबारी फैसले सप्ताह के उत्तरार्ध में ही लेने चाहिए। इस दौरान आपका फोकस अधूरे काम को पूरा करने में रहेगा। खट्टी-मीठी तकरार के साथ आपके संबंध सामान्य बने रहेंगे। जीवनसाथी की किसी समस्या को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा।
उपाय:
प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की पूजा दूर्वा चढ़ाकर करें तथा गणपति अथर्वशीर्ष का नित्य पाठ करें।
कर्क साप्ताहिक राशिफल :-
कर्क राशि के जातकों पर इस सप्ताह किस्मत पूरी तरह से मेहरबान दिखाई देगी। सप्ताह की शुरुआत से ही आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। व्यवसाय में आपको मनचाहा लाभ मिलेगा। कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में किये गये प्रयास सफल होंगे। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों से संबंध स्थापित होंगे। राजपक्ष के हितकर होने से मान-सम्मान और धन लाभ की प्राप्ति होगी। इस सप्ताह जहां घर में छोटे भाई-बहनों से अपेक्षित सुख, सहयोग और समर्थन मिलेगा तो वहीं कार्यक्षेत्र में सीनियर आप पर पूरी तरह से मेहरबान नजर आएंगे। इस सप्ताह आपको कार्यक्षेत्र में कोई बड़ा पद या अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। राजनीति के क्षेत्र से जुड़े लोगों के प्रभाव में वृद्धि होगी। यदि आप रोजी-रोजगार की तलाश में हैं तो सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको इसके लिए अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इस दौरान कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में निर्णय आपके पक्ष में आ सकता है। प्रेम संबंध में आपसी विश्वास और निकटता बढ़ेगी। परिजन आपके प्रेम को स्वीकार करते हुए विवाह के लिए स्वीकृति प्रदान कर सकते हैं। जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।
उपाय: प्रतिदिन शिव परिवार की पूजा एवं रुद्राष्टकं का पाठ करें।
सिंह साप्ताहिक राशिफल :-
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल देने वाला है। सप्ताह की शुरुआत किसी कार्य से जुड़ी लंबी दूरी की यात्रा से होगी। यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कम फलदायी साबित होने के कारण आपका मन थोड़ा खिन्न रहेगा। यात्रा के दौरान आप अपनी सेहत और सामान का विशेष ख्याल रखें। इस दौरान परिवार के किसी सदस्य को लेकर मन चिंतित रहेगा। कार्यक्षेत्र में किसी के साथ वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में आपका पक्ष न सुने जाने और सीनियर के असहयोग से मन में असंतोष बना रहेगा। इस दौरान धैर्य और विवेक से काम लेने की आवश्यकता रहेगी। भूलकर भी भावनाओं में बहकर कोई गलत निर्णय न लें अन्यथा बाद में पछतावा करना पड़ सकता है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस सप्ताह लाभ की प्राप्ति तो होगी लेकिन व्यय उससे कहीं ज्यादा रहेगा, जिसके कारण आर्थिक असंतुलन पैदा हो सकता है। जीवन के कठिन समय में आपका लव पार्टनर आपका संबल बनेगा। वैवाहिक जीवन में सामंजस्य की कमी देखने को मिलेगी।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें तथा गुरुवार के दिन चने पीले कपड़े में चने की दाल एवं गुड़ की दाल रखकर दान करें।
कन्या साप्ताहिक राशिफल :-
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह बीते हफ्ते के मुकाबले कहीं ज्यादा शुभ और लाभप्रद साबित होगा। सप्ताह की शुरुआत आपके लिए आर्थिक दृष्टि से उत्तम कही जाएगी। यदि आपका धन किसी योजना में फंसा हुआ था तो अप्रत्याशित रूप से वह निकल आएगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों की आय के नये स्रोत बनेंगे। शेयर आदि से भी धन लाभ के योग बनेंगे। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आप इस माह किसी लाभप्रद योजना में धन निवेश कर सकते हैं। सप्ताह के मध्य में नवीन कार्यों को लेकर मन में उत्साह रहेगा। परिजनों से उत्तम सहयोग बना रहेगा। पिता की तरफ से विशेष सुख, सहयोग और समर्थन की प्राप्ति संभव है। छात्र वर्ग का मन पढ़ाई में रमेगा। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे। युवा वर्ग किसी नई विधा या कला को सीखने का प्रयास कर सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी धार्मिक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान किसी आत्मीय व्यक्ति से लंबे समय बाद मेल-मुलाकात के योग बनेंगे। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। जीवनसाथी से शुभ समाचार की प्राप्ति होगी।
उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा एवं पूजा एवं गायत्री मंत्र का एक माला जप करें।
तुला साप्ताहिक राशिफल :-
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उनकी ताकत को बढ़ाने वाला साबित होगा। इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में लोग आपके काम का लोहा मानेंगे। सीनियर आपके कार्य से प्रसन्न होकर आपको पदोन्नति का पुरस्कार दे सकते हैं। आपके कद और पद दोनों में वृद्धि के पूरे योग हैं। यदि आप समाजसेवा या राजनीति से जुड़े हैं तो आपके मान-सम्मान, प्रभाव क्षेत्र में वृद्धि होगी। राज पक्ष हितकर रहने से राज-काज की सिद्धि होगी। कोर्ट-कचहरी में लंबित मामलों में फैसला आपके हक में आ सकता है अथवा विरोधी खुद ही सुलह-समझौते की पेशकश कर सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में करियर-कारोबार के संबंध में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा सुखद एवं सफल साबित होगी। यदि आप कारोबार के सिलसिले में यात्रा करते हैं तो पुराने धन की प्राप्ति और व्यवसाय में प्रगति होगी। इस दौरान आप किसी नई योजना पर काम प्रारंभ कर सकते हैं। प्रेम संबंध की दृष्टि से पूरा हफ्ता अनुकूल है। वैवाहिक जीवन भी सुखमय बना रहेगा। संतान पक्ष से जुड़ी कोई बड़ी चिंता दूर होने पर हर्ष का अनुभव होगा। घरेलू महिलाओं का मन धर्म-कर्म के कार्य में लगेगा। तीर्थ यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है।
उपाय: प्रतिदिन श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।
वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल :-
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह जीवन में बड़े बदलाव लेकर आने वाला है। सप्ताह की शुरुआत उस शुभ समाचार की प्राप्ति से होगी, जिसका इंतजार आपको लंबे समय से बना हुआ था। इस सप्ताह आपके सोचे हुए सभी कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। जिससे आपके भीतर काम करने को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा हुआ दिखाई देगा। सप्ताह की शुरुआत में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा सुखद एवं मनोरथ को पूरा करने वाली साबित होगी। करियर-कारोबार की दृष्टि से पूरा सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में नौकरीपेशा लोगों के कद एवं पद में वृद्धि संभव है। यदि आप लंबे समय से अपनी नौकरी में बदलाव के लिए प्रयासरत थे तो इस सप्ताह आपको किसी अच्छी जगह से बड़ा ऑफर आ सकता है। भूमि-भवन एवं अचल संपत्ति से लाभ प्राप्ति के योग बनेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप व्यवसाय को आगे बढ़ाने या फिर शेयर आदि में अपनी बड़ी पूंजी लगा सकते हैं। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए पूरी तरह से अनुकूल है। आपको पारिवारिक सुख की प्राप्ति होगी। आत्मीय रिश्ते और भी अधिक मजबूत होंगे। शुभचिंतकों के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। संतति से जुड़ा शुभ समाचार मिल सकता है।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा एवं श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
धनु साप्ताहिक राशिफल :-
धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने सोचे हुए कार्य को मनचाहे तरीके से पूरा करने या फिर कहें अपने सपनों को साकार करने के लिए इस सप्ताह विशेष प्रयास करने होंगे। यदि आप अपने समय, धन और उर्जा का सदुपयोग करते हैं तो चीजें आपके लिए अनुकूल, सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी, अन्यथा आपको बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं। इस सप्ताह आपको परिस्थितियों से समझौता करते हुए कुछ चीजों को लेकर बढ़ाए हुए कदम को पीछे करना पड़ सकता है। सप्ताह के पूर्वार्ध में रोजी-रोजगार के संबंध में किए जा रहे प्रयास के विफल होने पर मन में निराशा बनी रहेगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको अपने कागजी काम समय से निबटाने की आवश्यकता रहेगी। इसी प्रकार धन के लेनदेन में भी खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता है। धनु राशि के जातक इस सप्ताह किसी भी काम में शॉर्टकट अपनाने की गलती न करें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना। प्रेम संबंध हो या फिर दांपत्य जीवन उसे मजबूत बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और आपसी विश्वास जरूरी रहेगा।
उपाय: उपाय प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।
मकर साप्ताहिक राशिफल :-
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। इस सप्ताह आपको करियर-कारोबार में मनचाही सफलता प्राप्त होगी। सप्ताह की शुरुआत थोड़ी आपाधापी भरी भले रहे लेकिन आपके द्वारा किया गया परिश्रम और प्रयास रंग लाएगा। आपको आपकी मेहनत के अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में अपने टारगेट को समय से पहले पूरा करने में कामयाब होंगे। कार्यक्षेत्र में मकर राशि के जातकों की धाक जमेगी। कामकाजी महिलाओं के कद एवं पद में वृद्धि से न सिर्फ कार्यक्षेत्र में बल्कि घर-परिवार में भी मान-सम्मान बढ़ेगा। मकर राशि के जातक सप्ताह के मध्य में अपने करियर या कारोबार को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैंं खास बात यह कि आपका यह फैसला भविष्य में आपके बड़े लाभ और प्रगति का कारण बनेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको अपनी सेहत और संबंध पर थोड़ा ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आप मौसमी बीमारी का शिकार हो सकते हैं। प्रेम संबंध में किसी तीसरे व्यक्ति की दखलंदाजी से लव पार्टनर के साथ तकरार होने की आशंका बनी रहेगी। घर के किसी बुजुर्ग व्यक्ति की सेहत भी आपकी चिंता का विषय बन सकती है।
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिवालय पर जाकर शिवलिंग पर जल अर्पित करें तथा धर्म स्थान पर सेवा करें।
कुंभ साप्ताहिक राशिफल :-
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा खर्चीला रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में जहां आपके सामने अचानक से कुछेक बड़े खर्च सामने आ सकते हैं, वहीं आप खुद भी सुख-सुविधा पर अपनी जेब से कहीं ज्यादा धन खर्च कर सकते हैं। जिसके चलते आपकी आर्थिक स्थिति थोड़ी गड़बड़ा सकती है। इस दौरान आप अपने करियर और कारोबार से जुड़े निर्णय को लेने में कुछेक गलतियां कर सकते हैं। यदि आप किसी विषय को लेकर कन्फ्यूजन की स्थिति में हो तो उसे बाद के लिए टाल देना कहीं ज्यादा बेहतर साबित होगा। कहने का तात्पर्य है कि गलत फैसले लेने की बजाय देखो और इंतजार करो की नीति अपनाना आपके लिए कहीं ज्यादा श्रेयस्कर रहेगी। जीवन की तमाम तरह की कठिन परिस्थितियों के बीच सप्ताह के उत्तरार्ध में आप किसी धार्मिक स्थान की यात्रा पर निकल सकते हैं। इस सप्ताह आपको अपने घर-परिवार में प्रेम, सामंजस्य और शांति बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास करने पड़ेंगे। प्रेम संबंध हो या फिर वैवाहिक संबंध दोनों में मिठास बनाए रखने के लिए आपको अपने पार्टनर की फीलिंग्स की कद्र करनी होगी तथा उसके साथ संवाद करने के लिए समय निकालना होगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
मीन साप्ताहिक राशिफल :-
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। इस सप्ताह आपको बीते कुछ समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान खोजने में कामयाबी मिलेगी। अटके हुए कार्यों में गति आएगी। करियर हो या फिर कारोबार दोनों जगहा आपके प्रयास और परिश्रम के सुखद परिणाम प्राप्त होंगे। निराशा के भाव दूर होंगे और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। व्यवसायी वर्ग के लिए यह सप्ताह विशेष रूप से राहतकारी कहा जाएगा। बीते कुछ समय से बाजार में मंदी के बादल छटेंगे और आपको कारोबार में मनचाहा लाभ प्राप्त होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। नौकरीपेशा लोगों की भी आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे तथा विभिन्न प्रकार की योजनाओं में अटका हुआ धन निकल आएगा। इस सप्ताह आप अपनी सूझबूझ और कुशल रणनीति से अपने शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने में कामयाब हो जाएंगे। इस सप्ताह मीन राशि के जातकों का विपरीत लिंग की तरफ आकर्षण बढ़ सकता है। वहीं पहले से चले आ रहे प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। ससुराल पक्ष की तरफ से विशेष सुख-सहयोग की प्राप्ति होगी।
उपाय: प्रतिदिन लक्ष्मी नारायण भगवान की पूजा विधि-विधान से करें तथा गुरुवार के दिन किसी पुरोहित को पीले फल या मिठाई दान करें।