Latest News

इंदौर में महिला ने ले ली महापौर पुष्‍यमित्र भार्गव की क्‍लास, खरी- खरी सुनाकर कहा, आपकी पार्टी काम नहीं कर रही है

Neemuch headlines February 19, 2026, 5:22 pm Technology

इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में दौरे पर पहुंचे महापौर पुष्‍यमित्र भार्गव की एक महिला ने क्‍लास लेकर खरी- खरी सुना दी। महिला ने महापौर से कई सवाल पूछ डाले, महापौर इन सवालों पर सिर्फ यह कहकर जवाब दे पाए कि सुझाव अच्‍छे हैं, कोशिश करेंगे। महिला और महापौर के बीच की यह बातचीत सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। महिला ने यहां तक कह डाला नेताओं को अपनी गाडी से उतर कर जनता के बीच जाना चाहिए। तब हकीकत पता चलेगी। महिला ने पूर्व नेता लक्ष्मण सिंह गौड़ का जिक्र करते हुए महापौर को सलाह दे डाली कि वे जनता के बीच अपनी पैठ बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि गौड़ आज भी लोगों के दिलों में इसलिए बसते हैं, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े रहते थे। महिला ने कहा कि आपकी पार्टी काम नहीं कर रही है।

बता दें कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव बुधवार को वार्ड 84 में ‘संकल्प से समाधान’ कार्यक्रम के तहत जनता चौपाल कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान यहां वार्ड की एक महिला ने महापौर और पार्षदों को क्‍लास ले ली और खरी-खरी सुना दी। महिला के सवालों पर महापौर और पार्षद बगले झांकते हुए नजर आए। गाड़ी से उतरकर जनता के बीच जाएं : बता दें कि महिला ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर महापौर के आने मात्र से व्यवस्थाएं सुधर जाती हैं, तो उनका नाम ही काफी होना चाहिए, उन्हें बार-बार दौरा करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जमीनी हकीकत एसी गाड़ियों में बैठकर नहीं, बल्कि पैदल चलकर और जनता के बीच रहकर ही समझी जा सकती है। इसके साथ ही बढ़ते हुए टैक्स और स्लैब में बदलाव को लेकर भी नाराजगी जताई गई। महिला के अनुसार टैक्स के बढ़ते बोझ और नए नियमों के कारण गरीब वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है। निगम के रवैये पर गुस्‍सा : महिला ने निगम के कामकाज को लेकर खुले तौर पर नाराजगी जताई।

महिला ने कहा कि इलाके में बने गड्‌ढे के पास सुरक्षा इंतजाम ठीक नहीं होने से कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसे महापौर के आने से कुछ ही देर पहले ठीक किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यह काम पहले क्यों नहीं किया गया। महापौर बोले, कोशिश करते हैं, महिला बोली, देखती हूं, आप कितनी कोशिश करते हैं… क्‍या है पूरी बातचीत : महिला ने महापौर से कहा— महापौर जी, आप आए तो कॉर्नर पर एक गड्‌ढा बना हुआ था। लाइन तो दी थी, उसको प्रॉपर बंद नहीं किया गया। न जाने कितने लोग एक्सीडेंट का शिकार हुए हैं। बड़े, बुजुर्ग लोग भी शिकार हुए। आज आप जब आ रहे थे, आपके आने के 10 मिनट पहले उसको फटाफट साफ किया गया। तो सर, यह चीज आपके आने पर ही क्यों हुई? आपके आने से पहले भी होना थी। महापौर - मेरे आने का कुछ तो प्रभाव हो, इसीलिए आते हैं दौरा करने। महिला- सर, यदि प्रभाव है तो आपका नाम ही काफी होना चाहिए, आपको आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपकी जो पार्टी है, वो काम नहीं कर रही है। बोलते हैं कि निगम कर्जे में है। यदि कर्जे में है तो फिर अच्छी सड़क को खोदकर नई क्यों बनाई जा रही है? ब्लॉक अच्छे लगे हुए हैं,

उनको खोद के फिर नया कर दिया। हमारा गार्डन अच्छा था, उसको आप थोड़ा सा और अच्छे से कर सकते थे। दीवारें तोड़ने की कोई जरूरत ही नहीं थी सर, फिर तोड़ा, फिर बनाया। इसीलिए सर, मेरी आपसे रिक्वेस्ट है, प्लीज आप गाड़ी से नहीं। जनता से रूबरू होकर समस्याएं सुनिए। महिला - जो हमारे स्व. लक्ष्मण सिंह जी गौड़ (पूर्व विधायक) थे ना, वो फोर व्हीलर में नहीं चलते थे, वो लोगों के साथ चलते थे, घर-घर जाते थे। इसीलिए लोग उनको आज भी पूजते हैं, आज भी मानते हैं। आपके पार्षदों से बोलिए कि घर-घर जाएं, उनसे सुनिए कि उनको प्रॉब्लम क्या है। लोगों को बहुत प्रॉब्लम है। मेरा भी आपसे यही निवेदन है। महापौर- सुझाव अच्छे हैं। हम इस पर जरूर काम करेंगे। महिला - देखती हूं, आप कितनी कोशिश करते है।

Related Post