रतलाम रावटी । रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र में बीती रात एक शराब की दुकान में दो युवकों ने जमकर तोड़फोड़ की।
आरोपियों ने कुल्हाड़ी से दुकान की रैक पर रखी शराब की बोतलें फोड़ दीं, जिससे लगभग 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ। घटना के दौरान आरोपियों ने दुकान संचालकों को कमीशन पर शराब देने और उधार मांगने को लेकर धमकियां भी दीं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 12 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। दुकान पर सेल्समैन / हेल्पर के तौर पर काम करने वाले शिकायतकर्ता (उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के ग्राम अर्गी निवासी) ने बताया कि वह दुकान में हिसाब-किताब कर रहा था। तभी बद्री डोडियार (निवासी मलवानी) और अर्जुन गरवाल (निवासी हस्तलाल / हरथल) दुकान पर पहुंचे। अर्जुन गरवाल दुकान के अंदर घुसा और शराब का पैसा (उधार) मांगने लगा। जब सेल्समैन ने मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की और कुल्हाड़ी से रैक पर रखी शराब की बोतलें तोड़ दीं शिकायतकर्ता डर के मारे दुकान से बाहर निकला, जहां बाहर खड़े बद्री डोडियार ने धमकाया कि यदि दुकान कमीशन पर नहीं रखी गई तो जान से मार देंगे।
इस बीच दुकान पर काम करने वाले शिवम पीर प्रतापे कुमार और पास की दुकान से कुलदीप ने हस्तक्षेप कर बचाया। थोड़ी देर बाद अर्जुन गरवाल का साथी हिमाल मंडोड़ा और एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और जाते-जाते धमकी दी कि आगे से पैसे नहीं दिए तो दुकान में आग लगा देंगे। शिकायतकर्ता ने तुरंत मैनेजर पप्पू तिवारी को फोन किया। उनके आने के बाद दोनों थाने पहुंचे और रात 11:15 बजे मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह गडरिया ने प्रकरण दर्ज किया। FIR नंबर 0084/2026 दर्ज की गई है, जिसमें बीएनएस की धारा 296(a), 351(3), 324(4), 119(1), 3(5) और 333 शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी कुल्हाड़ी लेकर तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है। स्थानिय लोगों का कहना है कि रावटी क्षेत्र में शराब से जुड़े विवाद और उधारी-कमीशन के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन इस बार इतनी बड़ी तोड़फोड़ और खुली धमकी ने दहशत फैला दी है।