मनासा। बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाली लैंगिक हिंसा एवं बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से जन साहस संस्था द्वारा एसबीआई फाउंडेशन एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से मनासा ब्लॉक के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पावटी में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बच्चों को बाल विवाह के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई! उन्होंने बच्चों को जानकारी देते हुए बताया कि यदि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की व 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह संपन्न किया जाता है,
तो यह विवाह, बाल विवाह की श्रेणी में आता है! बाल विवाह किये जाने पर बच्चों को अनेक प्रकार के दुष्परिणामों का सामना करना पड़ता है, जिसका खामियाजा बच्चों को जीवन भर भुगतना पड़ता है! बाल विवाह (प्रतिषेध व विनियमन) अधिनियम, 2006 के अनुसार, बाल विवाह सम्पन्न कराने व इसमें शामिल होने वाले समस्त व्यक्तियों यथा बच्चों के अभिभावकों, स्वजनों, रिश्तेदारों, रसोईया, पंडित, पत्रिका छापने वाला, घोड़ी वाला, डीजे, लाइट व बैंडबाजे वाला इत्यादि सभी के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान किया गया है! बाल विवाह कानून का उल्लंघन करने पर 2 वर्ष के कठोर कारावास की सजा व 1 लाख रुपये के जुर्माने से दंडित किये जाने का सख्त प्रावधान है! कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम व बाल विवाह की जानकारी देने हेतु चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 एवं पुलिस के 112 नंबर पर तत्काल सूचना देने की जानकारी दी गयी! इन हेल्प लाइन नम्बर पर सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता व पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है! इस मौके पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा बाल विवाह के प्रति जागरूक करने हेतु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया व बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने का मार्मिक संदेश दिया! संस्था द्वारा नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले समस्त बच्चों को संस्था की ओर से पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया! कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ को शिक्षण सामग्री एवं बिस्किट वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को शिक्षण के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु बैडमिंटन किट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाला शंकर पाराशर एवं स्टाफ सहित जन साहस संस्था के जिला समन्वयक जितेन्द्र कुमार सुनार्तिया, संस्था सदस्य समीर मंसूरी, प्रियंका अहिर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रियंका अहिर द्वारा किया गया।