नई दिल्ली। उत्तर भारत से मानसून की विदाई के बीच शुक्रवार को आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आज बारिश की संभावना है। मुंबई अगले 7 दिन भारी बारिश की संभावना है।
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण अब आंध्र और ओडिशा तट के पास सक्रिय है। इसके असर से अगले 24 घंटों में नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। यह सिस्टम आगे बढ़ते हुए तेलंगाना, महाराष्ट्र और कर्नाटक को प्रभावित करेगा और 13 से 16 सितम्बर के बीच उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना और सीमावर्ती महाराष्ट्र पर ज्यादा असर डालेगा। मानसून ट्रफ इस समय श्रीगंगानगर, हिंडन, लखनऊ, डाल्टनगंज, दीघा से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। मुंबई और आसपास के इलाकों में 13 से 19 सितम्बर तक लगातार बारिश का सिलसिला चलेगा।
14-15 सितम्बर को भारी बारिश के आसार हैं और 17-19 सितम्बर के बीच फिर से तेज बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश हुई। तेलंगाना, मराठवाड़ा, झारखंड के कुछ हिस्से, उत्तर बिहार और पश्चिम असम में हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं तेज़ बौछारें गिरी। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्से, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, लक्षद्वीप, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई। आज कैसा रहेगा मौसम अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, झारखंड के हिस्से, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं तेज़ बौछारें संभव हैं। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दक्षिण गुजरात, जम्मू-कश्मीर, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होगी। अरुणाचल में भारी बारिश का अलर्ट: आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 15 सितंबर तक भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया और संवेदनशील जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने तवांग, पश्चिम कामेंग, पापुम पारे, पूर्वी कामेंग, लोअर सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, पश्चिमी सियांग, दिबांग घाटी और अंजों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब में बाढ़ से 55 की मौत: पंजाब के राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि पिछले 24 घंटों में फाजिल्का में एक और मानसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे बाढ़ के कारण मरने वालों की कुल संख्या 55 हो गई है। उन्होंने बताया कि 111 राहत शिविर में 4,585 लोग शरण लिए हुए हैं। बताया कि पिछले 24 घंटे में 40 और लोग गया, जिससे राज्यभर में 23,337 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
राज्य में कुल 2,214 गांवों की 3,88,508 आबादी प्रभावित हुई है।