मिजोरम में भारी बारिश के बीच 5 मकान और होटल ढहे, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

Neemuch headlines May 31, 2025, 3:26 pm Technology

दक्षिणी मिजोरम के लॉन्गतलाई शहर में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 5 मकान और एक होटल के ढह जाने से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे लॉन्गतलाई के बाजार वेंग और चांदमारी इलाकों के सीमावर्ती इलाके में भूस्खलन की चपेट में आने से मकान और होटल ढह गए। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका : उन्होंने कहा कि होटल में ठहरे म्यांमार के कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि लॉन्गतलाई जिले के सबसे बड़े नागरिक समाज संगठन 'यंग लाई एसोसिएशन' (वाईएलए) के स्वयंसेवकों के साथ-साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसआरडीएफ) और तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन के कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पूर्वोत्तर राज्य में शुक्रवार से मूसलधार बारिश हो रही है जिसके कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं।

Related Post