Latest News

2023 में विश्व के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ी का अवार्ड मिला हार्दिक को

Neemuch headlines December 21, 2023, 7:40 am Technology

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मिडफील्डर हार्दिक सिंह को एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) के सालाना पुरस्कार में साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और साल की सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर चुना गया। विजेताओं का चयन एक विशेषज्ञ पैनल द्वारा किया जाता है जिसमें राष्ट्रीय संघ (राष्ट्रीय टीमों के कप्तान और कोच), मीडिया के प्रतिनिधियों के अलावा प्रशंसकों का मतदान शामिल होता है। देश के लिए 114 मैच खेल चुके हार्दिक को भारतीय हॉकी का भविष्य माना जाता है। उनके खेल में इसकी झलक भी दिखी है। वह तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य थे और इसके बाद से उनके खेल में लगातार सुधार हुआ है।

हार्दिक का यह साल का दूसरा बड़ा पुरस्कार है। उन्हें इससे पहले हॉकी इंडिया ने साल 2022 के लिए बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार (साल का सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी) से सम्मानित किया था। भारतीय टीम के इस उपकप्तान ने कहा, "जब आपके पास एक बेहतरीन टीम होती है, तो वे आपके खेल को बेहतर और जीवन को आसान बना देती है। मैं उन सभी का आभारी हूं जिन्होंने मेरे लिए मतदान किया। मैं इस मुकाम तक पहुंचने में मदद करने के लिए पूरी टीम और हॉकी इंडिया का आभारी हूं।" नीदरलैंड के गोलकीपर पिरमिन ब्लैक को पुरुषों के वर्ग में साल का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। गैसपार्ड जेवियर (फ्रांस) पुरुष वर्ग में साल के सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए खिलाड़ी चुने गये। जर्मनी की पुरुष टीम के मुख्य कोच आंद्रे हेनिंग साल के सर्वश्रेष्ठ कोच चुने गये। बेन गॉन्टगेन (जर्मनी) को साल के सर्वश्रेष्ठ अंपायर का पुरस्कार मिला। FIH पुरस्कार कड़ी मेहनत और दृढता का नतीजा हार्दिक भारतीय पुरूष हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह ने बुधवार को कहा कि एफआईएच वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार उनकी कड़ी मेहनत और दृढता का नतीजा है जो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये इतने साल से उन्होंने दिखाई है। मनप्रीत सिंह (2019) और हरमनप्रीत सिंह (2020.21 और 2021.22) के बाद यह पुरस्कार पाने वाले हार्दिक भारत के तीसरे पुरूष खिलाड़ी बन गए।

वहीं महिला टीम की कप्तान सविता पूनिया ने लगातार तीसरी बार एफआईएच वर्ष की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीता। हार्दिक ने कहा, " यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पाना सम्मान की बात है। मैं अपने साथी खिलाड़ियों, कोचों और समर्थकों का शुक्रगुजार हूं जो मेरी सफलता के स्तंभ रहे। इससे लगातार अच्छे प्रदर्शन की मेरी ललक और बढी है।" उन्होंने कहा, "इस सफर में कई चुनौतियां और सबक मिले। इससे यह विश्वास भी पक्का हो गया कि कड़ी मेहनत, दृढता और सहयोगी टीम के साथ होने से बड़ी उपलब्धियां अर्जित की जा सकती है।" हार्दिक ने 2022 में हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी जीता था। अब तक 114 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके 25 वर्ष के हार्दिक तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। इसके अलावा वह इस साल एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी और एशियाई खेल चैम्पियन टीम के भी सदस्य रहे। 

 

Related Post