Latest News

आण आश्रम सहित नगर में विभिन्न जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ गुरु पुर्णिमा उत्सव मनाया गया

विनोद पोरवाल July 5, 2020, 5:25 pm Technology

कुकड़ेश्वर। श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव की पावन नगरी मे महादेव मंदिर से लगे अति प्राचीन व चमत्कारिक श्री देवनाथ जी महाराज की जिवित समाधि स्थल आण आश्रम पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा उत्सव सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए मनाया गया। विश्व विश्वव्यापी कोरोना महामारी के बचाव को दृष्टिगत रखते हुए इस बार गुरु पूर्णिमा उत्सव पर ज्यादा भीड़ एकत्रित नही की गयी। गुरु पूर्णिमा उत्सव आश्रम पर विराजित संत श्री 108 राजनाथ जी महाराज के परम सानिध्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव आज रविवार 5 जुलाई को प्रातः देवनाथ जी महाराज की समाधि पर रुद्राभिषेक पूजन व महाआरती की गयी। इसके बाद श्री हिंगलाज माता को चोला धारण कर पूजन व आरती की गयी। आश्रम पर भव्य भजन संध्या भजन की कीर्तन के साथ भंडारा आयोजित किया गया। उक्त स्थल के साथ ही नगर के जूना शेषा अवतार मंदिर पर संत श्री मथुरालाल बिलोदिया के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव मना। इसी प्रकार कुकड़ेश्वर टामोटी मार्ग अमेरी हनुमान मंदिर पर विराजित संत श्री संतोष नाथ जी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। हनुमंतिया कबीर पंथी द्वारा भी गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन हुआ श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर संत श्री के सानिध्य में उत्सव मना नगर एवं आसपास के कई स्थानों पर गुरु पूर्णिमा का उत्सव सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए मनाया गया। आषाढ़ माह की पूर्णिमा होने से लोगों द्वारा श्री महादेव मंदिर आदिशक्ति भवानी माता मंदिर नारसिंह माता मंदिर देवी देवता के स्थानों पर जाकर पूजा-अर्चना की गई। लंबे इंतजार के बाद गुरु पूर्णिमा के पावन पवित्र पर्व पर इंद्र देवता प्रसन्न हुए और दोपहर 3:00 बजे से रिमझिम बारिश के साथ मौसम में ठंडक घुल गई एवं फसलों में रोनक आने के साथ आम जन के चेहरो पर खुशी छा गयी।

Related Post