Latest News

लॉकडाउन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 रेलकर्मियों के पुरस्कारों की घोषणा

रमेशचंद्र राठौर June 26, 2020, 3:31 pm Technology

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती तनुजा कंसल द्वारा पुरुस्कृत किया जायेगा

नीमच। पश्चिम रेलवे के कर्मचारियों ने उत्कृष्ट कार्य शैली का उदाहरण पेश करते हुए घातक कोरोनावायरस महामारी के दौरान अथक परिश्रम सुनिश्चित किया है। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO) की अध्यक्षा श्रीमती तनुजा कंसल की ओर से पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करने के लिए कुल 38 नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई। इसी प्रकार लॉकडाउन अवधि के दौरान कोरोना योद्धाओं के रूप में अनुकरणीय कार्य करने वाले पश्चिम रेलवे स्टाफ की विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा छतरियों, स्टील थर्मसों और डीप फ्रीजरों का दान किया गया। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री रविन्द्र भाकर द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोरोनावायरस महामारी के मद्देनज़र घोषित लॉकडाउन अवधि के दौरान पश्चिम रेलवे के कर्मचारियों द्वारा अद्भुत समर्पण और सम्पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ किए गये उल्लेखनीय काम को सराहने के लिए पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती तनुजा कंसल की ओर से पश्चिम रेलवे मुख्यालय के विभिन्न विभागों के 38 कर्मचारियों को 2000 रु. प्रत्येक सहित कुल 76,000 रु. के नकद पुरस्कार 25 जून, 2020 को चर्चगेट स्थित मुख्यालय के परिसर में वितरित किये गये।

उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन अवधि के दौरान, पश्चिम रेलवे ने सराहनीय लोडिंग के साथ उच्चतम श्रमिक और पार्सल स्पेशल ट्रेनें चलाकर विभिन्न रिकॉर्ड बनाये हैं। साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हासिल किया है। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन हमेशा विभिन्न सामाजिक कल्याण और सेवा गतिविधियों तथा पश्चिम रेलवे के उत्कृष्ट कर्मचारियों को प्रेरित करने में भी अग्रणी रही है। इसी क्रम में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती तनुजा कंसल के गतिशील नेतृत्व में संगठन द्वारा पश्चिम रेलवे के जगजीवन राम अस्पताल के 250 पैरामेडिकल स्टाफ को कुल 50 हज़ार रु. के स्टील थर्मस, मुंबई डिवीजन के 432 ट्रैक मेंटेनरों को कुल 1 लाख रु. की छतरियाॅं और आरपीएफ के मुंबई डिवीजन की बैरक के लिए 75,000 रु.के डीप फ्रीज़रों का दान किया गया। सभी सम्बंधित कर्मचारियों ने इस उत्साहवर्धक पहल के लिए पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन और संगठन की अध्यक्षा श्रीमती कंसल के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

पश्चिम रेलवे के कर्मचारियों का अडिग समर्पण और कठिन परिश्रम वास्तव में प्रेरणादायक है और भविष्य में भी अच्छे कामों को जारी रखने के लिए अन्य सभी कर्मचारियों को प्रेरित करता है।

Related Post