Latest News

नशे से दूरी 2.0 अभियान के तहत समता विद्यालय की जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक

अनिल लक्षकार July 19, 2026, 8:51 pm Technology

सरवानिया महाराज। भारत सरकार के नशा मुक्ति अभियान एवं मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत समता विद्यालय, सरवानिया महाराज द्वारा नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बीड़ी, सिगरेट, शराब तथा मादक पदार्थों (ड्रग्स) के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।

विद्यार्थियों ने नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा स्वयं, अपने परिवार और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में सरवानिया महाराज चौकी प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार आज का युवा धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य और परिवार दोनों को संकट में डाल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, उत्तम संस्कार एवं आत्मसंयम से व्यसन से बचा जा सकता है। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान महावीर स्वामी एवं भगवान ऋषभदेव के आदर्शों का उल्लेख करते हुए युवाओं से सदाचार, संयम और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर समता युवा जैन संघ द्वारा रैली में शामिल छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

संघ के इस सहयोग की विद्यालय परिवार ने सराहना की। नगरवासियों ने भी समता विद्यालय की इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत प्रेरणादायक अभियान बताया।

Related Post