मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की 5वीं प्रदेश कार्यसमिति कटनी में संपन्न, पत्रकार भवन और पत्रकार सुरक्षा कानून पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रदीप जैन July 20, 2026, 9:45 am Technology

पत्रकार हितों की मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन को साथी हो जाएं तैयार : शलभ भदौरिया

सिंगोली। पत्रकारिता कोई साधारण पेशा नहीं, बल्कि एक धधकता हुआ स्वाभिमान है जिसे साहित्यकारों का सहोदर माना जाता है।19 जुलाई को मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की कटनी में आयोजित पांचवीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इसी स्वाभिमान की प्रचंड हुंकार गूंजी है।

पद्मश्री बाबूलाल दाहिया की बेबाक टिप्पणी और प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के कड़े तेवरों ने स्पष्ट कर दिया है कि कलमकार अब खामोश नहीं बैठेंगे। पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द लागू कराने के लिए सरकार पर सीधा दबाव बनाने की ठोस और आक्रामक रणनीति तय कर ली गई है। कटनी की धरती पर पत्रकारों के इस महाकुंभ ने पूरे विंध्य और महाकौशल क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया है।

जन-जन की आवाज उठाने वाले निर्भीक पत्रकारों के हकों की लड़ाई अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। कटनी में जुटे प्रदेश भर के कलमकारों ने सत्ता के गलियारों को यह कड़ा संदेश दिया है कि संगठन की एकजुटता ही सबसे बड़ा हथियार है। अब कोरे आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर अधिकार छीनकर लिए जाएंगे।

पटेरी भाषा और पत्रकार भवन पर बेबाक बोल :-

मुख्य अतिथि पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर हैं और उन्होंने कटनी की उपेक्षित "पटेरी" बोली को मान्यता दिलाने की जोरदार वकालत की। बड़वारा विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय समस्याएं पत्रकार ही निकालकर लाते हैं, करंट नॉलेज पत्रकारिता से ही आती है और अखबार की कटिंग से बच्चे नोट्स बनाते हैं; उन्होंने ढीमरखेड़ा और बड़वारा में पत्रकार भवन की व्यवस्था का आश्वासन दिया।

कटनी विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण कटनी से पांचों दिशाओं में ट्रेनें जाती हैं, शासन स्तर पर बात कर पत्रकार भवन के लिए पहले जगह और फिर धन की व्यवस्था होगी। वहीं, महापौर प्रीति सूरी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों के पूरा होने पर भी खबर प्रकाशित होनी चाहिए।

मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

सुरक्षा कानून पर सरकार की घेराबंदी की रणनीति :-

प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में कार्यसमिति ने पत्रकार सुरक्षा कानून के मसौदे पर आर-पार की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है। सरकार पर दबाव बनाने के लिए एक अचूक रणनीति तैयार की गई है, जिस पर तमाम प्रमुख लोगों ने मुखर विचार रखे। प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल तोमर ने संगठन के आय-व्यय का पाई-पाई का हिसाब सदन के सामने रखा। वहीं, महासचिव सुनील त्रिपाठी का धारदार प्रतिवेदन उनकी अनुपस्थिति में प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया ने पूरे दमखम के साथ प्रस्तुत किया, जिसने संगठन के आगामी संघर्ष की मजबूत दिशा तय कर दी।

संगठनात्मक मजबूती और दिग्गजों का भारी जमावड़ा :-

संगठन प्रभारी मोहम्मद अली ने खरगोन में लिए गए पूर्व निर्णयों को सदन में रखकर सर्वसम्मति से उनकी पुष्टि करवाई। शासन संगठन समन्वय समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी, संगठन के विधि प्रकोष्ठ संयोजक संदीप शर्मा, मोहम्मद अली, प्रदेश उपाध्यक्ष परसराम चौहान, राजकुमार दुबे, रामकिशोर अग्रवाल, प्रवीण मिश्रा, राजेंद्र पुरोहित, राजेंद्र राठौर और अमित द्विवेदी जैसे दिग्गजों ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। महिला प्रकोष्ठ की संयोजक अनीता चौबे, सहसंयोजक प्रगति श्रीवास्तव, शाजिया खान, अनिल त्रिपाठी, संदीप शर्मा और मेहंदी हसन सहित भारी संख्या में जुटी पत्रकारों की फौज ने अपनी मजबूत एकजुटता का कड़ा संदेश दिया।

विधिक सलाहकार श्री शर्मा ने अपने वक्तव्य में बताया की जल्द ही श्रमजीवी के नाम से संगठन संचालित करने वाले कथित लोगों को नोटिस देकर न्यायालय के अवमानना का प्रकरण उच्च न्यायालय में पेश किया जाएगा।

प्रदेश भर के कलमकार बने सहभागी :-

इस प्रांतीय महामंथन में छतरपुर,शहडोल, उमरिया,-नीमच, खंडवा, खरगोन, मुरैना, भोपाल, जबलपुर, मंडला, शिवनी,-देवास नरसिंहपुर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, दतिया, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, भिंड, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, झाबुआ सहित तमाम इकाई ने भी अपनी मजबूत संगठनात्मक उपस्थिति दर्ज कराई ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ, जिसका सफल संचालन डॉ. पारस जैन और डॉ. रौशनी विलईया ने किया। कटनी जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राजपूत एवं उनकी टीम ने बेहतरीन मेजबानी करते हुए अतिथियों एवं संगठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कटनी के पूर्व जिलाध्यक्षों का सम्मान किया एवं प्रदेश भर से पधारे अध्यक्ष- महासचिवों का सम्मान किया गया। इस वृहद आयोजन में मुख्य रूप से कटनी जिला इकाई के महासचिव अज्जू सोनी, आशीष सोनी, डा मनोज खरे, सजल जैन, अनंत गुप्ता, संतोष तोमर, नुनेश्वर पुरी, सूरज सुवेदी,अमित जैन,-सुरेश उसरेटे, डॉ ज्योति राजपूत,रश्मि, दीपिका खम्परिया, लालू कुशवाहा सहित अन्य साथियों का विशेष सहयोग रहा। कटनी मे आयोजित प्रदेश कार्यसमिती बैठक में नीमच जिला इकाई से जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन के नेतृत्व में संभागीय महासचिव चेनसिंह सोलंकी जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत शर्मा जिला महासचिव कैलाश राठौर जिला सह सचिव कौशल व्यास मुकेश पाटीदार ने भाग लिया।

Related Post