Latest News

इनर व्हील डायमंड का पदस्थापना एवं ‘गौरव’ वार्षिक पुरस्कार समारोह संपन्न।

Neemuch headlines July 19, 2026, 7:27 pm Technology

महिला नेतृत्व, सेवा और सम्मान का भव्य संगम बना ‘गौरव’ समारोह, एएसपी हेमलता अग्रवाल ने कहा— नारी सशक्तिकरण से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव

नीमच। सामाजिक सेवा कार्यों में अग्रणी संस्था इनर व्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा वर्ष 2026–27 के नवीन पदाधिकारियों का पदस्थापना समारोह एवं वर्ष 2025–26 के उत्कृष्ट कार्यों के लिए "गौरव" वार्षिक पुरस्कार समारोह रोटरी सामुदायिक भवन, गोमाबाई नेत्रालय रोड पर गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा एवं विशेष अतिथि पीडीसी संगीता जोशी (डिस्ट्रिक्ट सीसीसी चेयरमैन) द्वारा मां सरस्वती एवं इनर व्हील की संस्थापक ओलिवर गोल्डिंग के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात क्लब परिवार के बच्चों हर्षिल नागदा, अर्णव भारती एवं सिया एनीया ने मनमोहक गणेश वंदना एवं स्वागत नृत्य की प्रस्तुति देकर समारोह का आकर्षक आगाज़ किया। निवर्तमान अध्यक्ष पूजा गर्ग ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात सचिव पायल गुर्जर ने वर्ष 2025–26 के दौरान संचालित सेवा प्रकल्पों एवं क्लब की उपलब्धियों की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। पदस्थापना समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष पूजा गर्ग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पायल गुर्जर को कॉलर पहनाकर दायित्व सौंपा। सचिव पायल गुर्जर ने नवनिर्वाचित सचिव दिव्या जैन को कॉलर प्रदान किया, जबकि कोषाध्यक्ष दिव्या जैन ने नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष प्रियंका नागदा को पिन लगाकर दायित्व हस्तांतरित किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष पायल गुर्जर ने अपनी नवीन कार्यकारिणी का परिचय देते हुए वर्ष 2026–27 में प्रस्तावित सेवा प्रकल्पों एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा सदन के समक्ष प्रस्तुत की। सेवा कार्यों की श्रृंखला में क्लब सदस्य प्रियंका नागदा ने उपकरण बैंक हेतु एक व्हीलचेयर भेंट की। पूजा खंडेलवाल ने एक जरूरतमंद बालक की एक वर्ष की विद्यालयीन शिक्षा का संपूर्ण व्यय वहन करने की घोषणा की। अध्यक्ष पायल गुर्जर ने एक महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पैरदान सहित सिलाई मशीन भेंट की। वहीं श्रीमती आशा गुर्जर ने एक जरूरतमंद मरीज के वर्षभर के डायलिसिस उपचार हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर क्लब में सात नए सदस्यों का इनर व्हील पिन पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।वार्षिक सदस्यता शुल्क समय पर जमा करने वाली सदस्यों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार दीपिका खंडेलवाल, द्वितीय हिना बदलानी एवं तृतीय दिशा सैनी रहीं। विशिष्ट अतिथि स्वाति गौरव चोपड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि इनर व्हील विश्व की सबसे बड़ी महिला सेवा संस्थाओं में से एक है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से समाजहित के प्रत्येक कार्य में उनका पूर्ण सहयोग सदैव रहेगा। विशेष अतिथि पीडीसी संगीता जोशी ने कहा कि इनर व्हील सेवा का मंदिर है, जहां 'मैं' नहीं बल्कि 'हम' की भावना सर्वोपरि होती है। उन्होंने सभी सदस्यों से पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नारी शक्ति जब सेवा, संस्कार और समर्पण के साथ आगे बढ़ती है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देता है।मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना से नई पहचान बना रही हैं। इनर व्हील जैसी संस्थाएं महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल हैं। नारी सशक्त होगी तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त होंगे। समाजहित, महिला सुरक्षा एवं जनसेवा से जुड़े प्रत्येक सकारात्मक कार्य में पुलिस प्रशासन सदैव आपके साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर सभी अतिथियों का क्लब द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। तत्पश्चात "गौरव" वार्षिक पुरस्कार समारोह के अंतर्गत वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह में क्लब की पूर्व अध्यक्ष सपना जैन, अन्नपूर्णा शर्मा, पूजा खंडेलवाल, रिंकी तापड़िया, उपाध्यक्ष एकता पंवार, आईएसओ डिंपल चांदना सहित क्लब की अनेक सदस्याएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में सचिव दिव्या जैन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पत्रकार बंधुओं, सभी आमंत्रित अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उक्त जानकारी क्लब एडिटर जयंती एनीया द्वारा प्रदान की गई।

Related Post