Latest News

बादलों को रिझाने निकले ग्रामीण, हरवार में रविवार को परंपरागत उज्जैनी का होगा आयोजन

विनोद सांवला, July 19, 2026, 9:26 am Technology

हरवार। कहते हैं, "जब आसमान रूठ जाए तो धरती वाले दुआओं का सहारा लेते हैं।" फसल बुवाई के बाद लंबे समय से क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में अच्छी वर्षा और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर हरवार गांव में रविवार, 19 जुलाई 2026 को परंपरागत उज्जैनी मनाई जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह देवनारायण मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद जोड़ा बावजी के स्थान पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होगा, जहां गांव के पशुओं को निकालकर उनके ऊपर उपचारित जल का छिड़काव किया जाएगा। मान्यता है कि इससे पशुधन रोगों से सुरक्षित रहता है और गांव में सुख-शांति बनी रहती है। उज्जैनी के अवसर पर गांव के सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना भी की जाएगी। इसके बाद ग्रामवासी गांव की सीमा के बाहर एकत्र होकर दाल-बाटी-चूरमा तैयार करेंगे और इंद्रदेव को भोग अर्पित कर अच्छी वर्षा की प्रार्थना करेंगे। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। जब भी वर्षा में विलंब होता है, ग्रामीण सामूहिक रूप से उज्जैनी मनाकर प्रकृति और इंद्रदेव से अच्छी बारिश की कामना करते हैं। "खेती की डोर बारिश के हाथ में होती है, और किसान की उम्मीद भगवान के साथ में।" इसी विश्वास के साथ हरवार के ग्रामीण रविवार को उज्जैनी मनाकर मेघराज को रिझाने की तैयारी में जुटे हुए है।

Related Post