दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण में पशुपालकों को दी जा रही वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी

Neemuch headlines July 17, 2026, 4:18 pm Technology

नीमच । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तृतीय चरण 13 से 17 जुलाई 2026 तक कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत जिले के ऐसे 10,084 लक्षित पशुपालकों, जिनके पास 3 से 4 गौवंशीय अथवा भैंसवंशीय पशु हैं, के घर-घर पहुंचकर विभाग के प्रशिक्षित सर्वेयर एवं भेंटकर्ताओं द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपर्क किया जा रहा है। गृह भेंट के दौरान पशुपालकों को पशु नस्ल सुधार, संतुलित पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। साथ ही वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा विकसित 'गोरस ऐप' की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है तथा पशुपालन संबंधी चार उपयोगी जागरूकता रील भी उनके मोबाइल पर साझा की जा रही हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार 16 जुलाई 2026 तक 3,571 पशुपालकों के यहां गृह भेंट कर अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियां सफलतापूर्वक संपादित की जा चुकी हैं। अभियान की गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी जिला एवं विकासखंड स्तर पर की जा रही है।

इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर नियमित समीक्षा तथा ऑनलाइन मॉनिटरिंग के माध्यम से अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Post