भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 17 जुलाई को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री आज जिले के लगभग 189 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 67.81 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जतारा एवं बड़ागांव धसान के सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण और 40.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले खरगापुर सांदीपनि विद्यालय का भूमि पूजन शामिल है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री यादव विभिन्न अधोसंरचनात्मक एवं जनहितकारी विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी होगा। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन के शुभारंभ कार्यक्रम भी शामिल है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव भी सहभागिता करेंगे। बता दें कि स्टेशन भवन को लाल पत्थरों से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। यहां फुट ओवरब्रिज, नया प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) और लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, आईजी मिथलेश शुक्ला और डीआईजी विजय खत्री ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन, उत्सव भवन और पुलिस लाइन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री करीब दोपहर 2.55 बजे टीकमगढ़ पहुंचेंगे और इसके उपरांत सांय 5ः35 बजे टीकमगढ़ जिले से प्रस्थान कर सायं 6.05 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां से वे 6ः10 बजे विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे।