नीमच। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में नीमच शहर में पहली बार श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन सोमवार, 29 जून को किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन माहेश्वरी भवन, वीर पार्क रोड, नीमच में संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5:00 बजे भगवान के स्वागत एवं पांडु विजय कीर्तन से होगा। इसके पश्चात शाम 5:15 बजे विशेष आरती एवं भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा महारानी का पावन अभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम के अगले चरण में शाम 7:15 बजे श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा की महिमा पर विशेष कथा का आयोजन होगा, जिसमें इस पावन पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। वहीं रात्रि 8:00 बजे श्री जगन्नाथ जी के गणेश जी के स्वरूप गजवेश में दर्शन व महाआरती होगी। श्रद्धालुओं के लिए कार्यक्रम प्रारंभ से ही महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस्कॉन परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में परिवार सहित उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। यह आयोजन नीमच में पहली बार होने जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।