मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीमच में आज करेंगे 1,554 करोड़ की 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण।

Neemuch headlines June 28, 2026, 8:11 pm Technology

नीमच । मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 29 जून को नीमच जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में 1,553.98 करोड़ के प्रस्तावित निवेश वाली 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा 8 इकाइयों का लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से 3201 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इनमें एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं के साथ एमएसएमई विभाग की 23 औद्योगिक इकाइयां भी शामिल हैं, जो जिले के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों, रोजगार सृजन तथा विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में औद्योगिक विकास की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। वे निवेशकों को मध्यप्रदेश में उपलब्ध उद्योग अनुकूल वातावरण, बेहतर अधोसंरचना तथा पारदर्शी एवं समयबद्ध अनुमतियों की व्यवस्था से भी अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा, उनमें धानुका बायोटेक की लगभग 1,247.71 करोड़ निवेश वाली सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई सबसे बड़ी परियोजना है, जिससे 1690 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा बाबजी इंडस्ट्रियल की 81.30 करोड़ लागत की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर इकाई, विश्वेश्वरा डेनिम प्रा. लि. की 66 करोड़ लागत की अपैरल एवं टेक्सटाइल इकाई तथा बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी की 61 करोड़ निवेश वाली बायो-सीएनजी परियोजना प्रमुख हैं। वहीं श्रीवीर इंफ्रा बिल्ड सोल्यूशंस प्रा. लि. की 31.50 करोड़ लागत की सीमेंट उत्पाद निर्माण इकाई, एस.एन. फैब्रिक्स, बेतूल फैब्रिकेशन, सिंघल इंटरनेशनल, गर्ग कैटल फीड, कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी, विनटेक्स मल्टीक्राफ्ट, जे.के. सुपर इंजीनियरिंग, देवेंद्र वुडन फर्नीचर, वीनी प्रोडक्ट्स, नीरज कुमार निकेश कुमार तथा ब्राइट इंडस्ट्रीज सहित अनेक औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। एमएसएमई विभाग की परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, एग्रो फूड्स, प्लास्टिक उत्पाद, सीमेंट उत्पाद, फेंसिंग वायर, हर्बल प्रोसेसिंग, पीपी ग्रेन्यूल्स, पोल्ट्री फीड तथा अन्य विनिर्माण इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विस्तार को भी नई गति मिलेगी कार्यक्रम के अंतर्गत एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं में लगभग 1,502.31 करोड़ का निवेश तथा 2753 रोजगार, जबकि एमएसएमई विभाग की 23 परियोजनाओं में लगभग 51.67 करोड़ का निवेश एवं 448 रोजगार प्रस्तावित हैं। इस प्रकार कुल 38 परियोजनाओं में 1,553.98 करोड़ के निवेश से 3201 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। नीमच में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले को ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल, एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, मेडिकल डिवाइस तथा आधुनिक विनिर्माण क्षेत्रों में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों, इन्वेस्ट एमपी पहल तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रस्तावित परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और नीमच के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यह जानकारी एमपीआईडीसी कार्यालय उज्‍जैन से प्राप्‍त हुई है।

Related Post