बाबा अमरनाथ की सेवा में जुटे नीमच जिले के सेवादार, चंदनवाड़ी से पोषपत्री तक संभाल रहे व्यवस्थाएं

विनोद सांवला June 28, 2026, 9:54 am Technology

हरवार। पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नीमच जिले के सेवादार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

श्री शिव सेवक दिल्ली भंडारा पोषपत्री कश्मीर शाखा, नीमच के संजय ओझा के नेतृत्व में संजय ओझा, कन्हैयालाल पाटीदार, अमित वधवा सहित कई सेवादार 21 जून से ही अमरनाथ यात्रा मार्ग पर पहुंचकर व्यवस्थाओं में जुट गए हैं। सेवादार कन्हैयालाल पाटीदार (जीरन) ने बताया कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा हेतु देशभर से सैकड़ों सेवादारों का जत्था चंदनवाड़ी पहुंच चुका है। यहां से प्रतिदिन घोड़े-खच्चरों के माध्यम से भंडारे एवं आवश्यक सामग्री को पोषपत्री तक पहुंचाया जा रहा है। रोजाना करीब 150 से 200 घोड़ों की सहायता से खाद्य सामग्री, राशन और अन्य आवश्यक सामान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संचालित यह विशाल भंडारा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा, जिसमें यात्रियों को भोजन, चाय, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। नीमच जिले के सेवादारों का यह सेवा कार्य क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच बाबा अमरनाथ के भक्तों की सेवा में जुटे ये सेवादार मानव सेवा और श्रद्धा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

Related Post