नीमच ।ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ, नीमच के महाराणा प्रताप भवन में 25 जून 2026 को प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट, ग्रुप केंद्र, नीमच की अध्यक्षता में पेंशन अदालत एवं कल्याण एवं पुनर्वास (वार्ब) बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना था। इस अवसर पर ग्रुप केंद्र, नीमच के क्षेत्राधिकार में आने वाले मध्य प्रदेश राज्य के विभिन्न जिलों में निवासरत सीएपीएफ पेंशनधारियों, शहीद एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को आमंत्रित किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक में प्राप्त सभी प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पेंशनधारियों एवं आश्रितों ने अपनी-अपनी समस्याएं अध्यक्ष महोदय के समक्ष रखीं। श्री प्रमोद कुमार साहू ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और पेंशन से संबंधित मामलों को छोड़कर अन्य सभी समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। शेष मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपने संबोधन में श्री प्रमोद कुमार साहू ने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिक सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी हर संभव सहायता के लिए विभाग सदैव तत्पर है। उन्होंने सभी को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं और किसी भी समस्या की स्थिति में अधिकारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
बैठक में भूतपूर्व कार्मिकों के लिए संचालित नवीनतम कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अंत में, श्री साहू द्वारा सभी उपस्थित पेंशनधारियों एवं उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।