नीमच। शहर में मिल रही गंदे पानी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया गुरुवार 25 जून को पीएचई व जल निगम बोर्ड के अधिकारियों तथा नगर पालिका के जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ हिंगोरिया स्थित फिल्टर प्लांट पर पहुंचे और वहां चल रहे फिल्टर मीडिया बदलने के कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीएचई व जल निगम के अधिकारियों ने फिल्टर मीडिया के कार्य में तकनीकी खामी बताई जिस पर नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने फिल्टर मीडिया का कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों को तत्काल खामियां दूर करने के निर्देश देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए की अगर खामियां दूर नहीं होती है तो कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने का नोटिस जारी किया जावे। नीमच शहर में पेयजल वितरण में आ रही गंदे पानी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा व मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया गुरुवार 25 जून को पीएचई विभाग के श्री पाटीदार जी व जल निगमबोर्ड के जीएम श्री धीरेंद्र कुमार बिजोरिया, इंजीनियर श्री विभोर सोनी तथा नपा के जलकल विभाग की प्रभारी उप यंत्री श्रीमती अनु सोलंकी आदि के साथ हिंगोरिया स्थित फिल्टर प्लांट पर पहुंचे और वहां चल रहे फिल्टर मीडिया के कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीएचई व जल निगम के अधिकारियों ने फिल्टर मीडिया के कार्य में दो लेयर का कार्य संतोषजनक पाया जबकि टॉप लेयर के कार्य में सामग्री के साथ डस्ट मिली होने से शहर में गंदे पानी की शिकायत होना बताया। उपरोक्त खामी सामने आने पर श्रीमती चोपड़ा ने फिल्टर मीडिया बदलने वाली कंपनी मार्टी इंडिया इंजीनियरिंग एंड कंसलटेंसी नागपुर के इंजीनियर चौकर व कुमारी रागीनी को मौके पर ही तत्काल खामी दूर कर गंदे पानी की समस्या को दूर किए जाने के निर्देश देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी से कहा कि कंपनी अगर पाई गई कमियों को दूर नहीं कर पाती है तो टेंडर नीरस्त कर कंपनी को ब्लैक लिस्टेड घोषित करें और अनुभवी टीम से कार्य करवा कर शहर को शुद्ध पेयजल वितरण की व्यवस्था करें।
श्रीमती चोपड़ा ने फिल्टर मीडिया बदलने वाली कंपनी के अधिकारियों को कहा कि विगत 5 दिनों से आपको व्यवस्था सुधारने के लिए कहा जा रहा है किंतु पेयजल जैसी महत्वपूर्ण समस्या को लेकर भी आप गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, अगर आपके द्वारा कार्य संतुष्टि पूर्वक नहीं किया जाता है तो मुझे कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने को मजबूर होना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की जलकल शाखा के केमिस्ट सुरेश पवार व अन्य कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित थे।