पेयजल मे क्लोरीन की अधिक मात्रा से भी लोग परेशान
सरवानिया महाराज। नगर परिषद सरवानिया महाराज क्षेत्र में एक ओर जहां पेयजल की अनावश्यक बर्बादी का मामला सामने आ रहा है, वहीं दूसरी ओर पानी में अत्यधिक क्लोरीन मिलाए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। नगर के मुख्य मार्ग नीमच-सिंगोली रोड पर स्थित कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दिए गए घरेलू नल कनेक्शनों का कथित रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है।
जानकारी के अनुसार नगर मे कई स्थानों पर बिना टोटी वाले नल खुले हुए देखे जा सकते हैं, जिनसे लगातार पानी बहता रहता है। इस संबंध में नगर परिषद कर्मचारियों को फोन पर सूचना दिए जाने के बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। खुले नलों से बहते पानी के कारण जल संरक्षण के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं तथा परिषद की जल प्रदाय व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसी के साथ नगर में सप्लाई होने वाले पेयजल में क्लोरीन की मात्रा अधिक होने की शिकायत भी सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि पानी में तेज क्लोरीन की गंध आने लगी है, जिससे पानी का उपयोग करने में परेशानी महसूस हो रही है। हालांकि जल शुद्धिकरण के लिए क्लोरीन का उपयोग आवश्यक होता है, लेकिन निर्धारित मात्रा से अधिक क्लोरीन मिलाने पर पानी में बदबू और स्वाद में बदलाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की गई है कि खुले नलों से हो रही पानी की बर्बादी पर तत्काल रोक लगाने के साथ-साथ पेयजल में मिलाई जा रही क्लोरीन की मात्रा की भी जांच कराई जाए। साथ ही जल प्रदाय व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकी नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके तथा जल संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी भी रोकी जा सके।