नीमच। नीमच के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने कईं बार नीमच जिले को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। ऐसे में नीमच जिले के 13 वर्षीय उभरते खिलाड़ी मोहित नागदा का चयन आगामी 31वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आपको बता दे कि भुवनेश्वर, ओडिशा के प्रतिष्ठित के आई आई टी (KIIT) विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले मोहित पूरे नीमच जिले के एकमात्र खिलाड़ी हैं। अनिल कुमार नागदा के सुपुत्र और कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल के छात्र मोहित ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने पिता के निरंतर सहयोग और अपने कोच सतीश नागर सर के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। जिला और राज्य स्तर पर मोहित के शानदार खेल के दम पर चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दी है। इस बड़ी उपलब्धि पर परिवार, स्कूल और खेल प्रेमियों ने मोहित को बधाई देते हुए राष्ट्रीय मंच पर जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। जल्द ही मोहित भुवनेश्वर के लिए नीमच से प्रस्थान करेंगे एवं नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।