दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव, UCC और मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

Neemuch headlines May 15, 2026, 3:28 pm Technology

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार (14 मई, 2026) को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की । इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर बालाघाट और डिंडोरी में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी और बालाघाट आने का निमंत्रण भी दिया। खबर है कि बैठक में प्रदेश में होने वाले आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी मंथन किया गया।

इस दौरे में मुख्यमंत्री यादव ने अमित शाह के अलावा अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर विकास कार्यों, धार्मिक पर्यटन, कृषि, सिंचाई, शहरी विकास, समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने और कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। यह बैठक मध्य प्रदेश के विकास और सुरक्षा के रोडमैप के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की दिशा में प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है और समिति की प्रारंभिक बैठक भी हो चुकी है। राज्य सरकार सभी वर्गों, समाजों और संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त करेगी। व्यापक संवाद और सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। राज्य सरकार सामाजिक समरसता और संवैधानिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ेगी। नक्सल उन्मूलन/कानून व्यवस्था पर चर्चा, शाह को बालाघाट आने का निमंत्रण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर बालाघाट और डिंडोरी में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने इन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास एवं शांति प्रयासों का भी उल्लेख किया। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को बालाघाट दौरे (बैगा महोत्सव) का निमंत्रण दिया। उज्जैन सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर चर्चा, विशेष बजट की मांग मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री एन राजू राम मोहन नायडू से मुलाकात कर उज्जैन एयरपोर्ट परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक और उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के तेजी से बढ़ते दायरे को देखते हुए एयर कनेक्टिविटी का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। एयरपोर्ट परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री को औपचारिक निमंत्रण दिया। बैठक में उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन प्लानिंग अथॉरिटी के स्वरूप, क्षेत्रीय विकास और इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों पर भी बातचीत की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे एयर इंफ्रास्ट्रक्चर, नए एयर रूट्स और पर्यटन आधारित विकास मॉडल की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर बताया कि उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार अभी से अधोसंरचना विकास, शहरी विस्तार और यातायात प्रबंधन पर काम कर रही है। बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, नगरीय अधोसंरचना, स्वच्छता मिशन और आधुनिक शहरी नियोजन पर भी चर्चा हुई। इंदौर-उज्जैन और भोपाल मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी के गठन और उनकी कार्य योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मेट्रोपॉलिटन आधारित विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है। कृषि, सिंचाई और ऊर्जा परियोजनाओं पर भी अहम बैठक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील से मुलाकात कर प्रदेश में गेहूं खरीदी, सिंचाई परियोजनाओं और जल संरक्षण को लेकर चर्चा की। केंद्र सरकार से गेहूं खरीदी लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है और 75 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी की जा चुकी है। बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सौर ऊर्जा विस्तार और किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां किसानों को सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, वेयरहाउसिंग और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं पर भी मंथन हुआ। बेतवा-पार्वती-कालीसिंध लिंक परियोजना की प्रगति की समीक्षा और जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार व नदी पुनर्जीवन अभियान को लेकर चर्चा की गई।

Related Post