17 मई तक बनी रहेगी बारिश-बादल और आंधी की स्थिति, अगले हफ्ते से चलेगी लू, छत्तीसगढ़ मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवा तथा हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
हालांकि 14 व 15 मई को मेघगर्जन की गतिविधि में कमी रहेगी। पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में की वृद्धि हुई। फिलहाल 5 दिन अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने के आसार हैं, तत्पश्चात कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। बुधवार, 13 मई को रायपुर में आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा वर्षा या गरज-चमक या अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 42 डिग्री सेल्सियस और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र, रायपुर की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से लेकर पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिणी बिहार, उत्तरी गंगा-क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल और दक्षिणी असम से होते हुए मणिपुर तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर फैली हुई है।
फिलहाल 17 मई तक गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, अचानक तेज हवा/आंधी (40-60 KMPH) और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने के संकेत है। इसके बाद 18 मई से पूरे प्रदेश में लू चलने की संभावना है। बुधवार को इन जिलों में अलर्ट बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, और मुंगेली में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, अचानक तेज हवा/आंधी (40-60 KMPH) और वर्षा की संभावना जताई गई है। महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, और बलरामपुर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, और अचानक तेज हवा (30-40 KMPH) के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है।