भोपाल। रविवार को 27 जिलों में बादल-बारिश का अलर्ट, चलेगी धूलभरी आंधी, 6 मई तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मध्य प्रदेश में 6-7 मई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। रविवार (3 मई 2026) को भी प्रदेश के 27 जिलों में मेघगर्जन, आंधी और गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिल सकता है लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री की धीरे-धीरे गिरावट आएगी। आज भोपाल में बादल छाए रह सकते हैं। देर शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार (2 मई 2026) को रायसेन में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खंडवा में 43.1 डिग्री, खरगोन में 42.8 डिग्री और नरसिंहपुर में 42.2 डिग्री रहा। अनूपपुर के अमरकंटक, पचमढ़ी, कटनी के करौंदी, सतना के चित्रकूट और सीधी में 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पारा रहा।
भोपाल-नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों में बादल-बारिश की स्थिति बनी रही। भोपाल, रायसेन, सागर, राजगढ़, बैतूल ,भोपाल व नर्मदापुरम में आंधी के साथ बारिश हुई। रविवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा ।