नीमच। रोटरी क्लब नीमच कैंट की आधिकारिक यात्रा गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं रोटरी के जनक पॉल पी. हैरिस के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
क्लब अध्यक्ष आशीष दरक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात क्लब सचिव विशाल जैन ने क्लब द्वारा अब तक किए गए सेवा कार्यों एवं गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने क्लब की विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनहित योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष रोटेरियन सुशील मल्होत्रा ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी सेवा, समर्पण और सहयोग का श्रेष्ठ मंच है। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, इसलिए प्रत्येक रोटेरियन को रोटरी फाउंडेशन में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने ग्लोबल ग्रांट योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से बड़े स्तर पर समाजहित के प्रकल्प संचालित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेवा प्रकल्पों के अंतर्गत दो जरूरतमंदों को व्हीलचेयर भेंट कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया गया। इस सेवा कार्य की उपस्थितजनों ने सराहना की। साथ ही जिन क्लब साथियों ने सेवा प्रकल्पों में आर्थिक सहयोग प्रदान किया, उनका मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा के हाथों सम्मान कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मण्डल की प्रथम महिला रूबी मल्होत्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही रीजनल कोऑर्डिनेटर आशीष गर्ग, पूजा गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे साथ ही क्लब के संस्थापक अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, अनिल दरक, कांतिलाल भंसाली, चंचल बाहेती, प्रदीप ओसवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमोद मालू ने किया तथा अंत में सचिव विशाल जैन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।