बारिश-ओले का दौर थमा, 26 मार्च को फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम, आज कैसा रहेगा मौसम, पढ़िए IMD का लेटेस्ट अपडेट

Neemuch headlines March 22, 2026, 5:02 pm Technology

भोपाल। बारिश-बादल और ओलावृष्टि का दौर थमते ही मध्य प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आ गया है। 18 से 21 मार्च 2026 के बीच अलीराजपुर, बड़वानी, झाबुआ, खंडवा, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, शिवपुरी, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना और मंडला समेत कई जिलों में बादल छाए रहे, आंधी चली और बारिश के साथ ओले गिरे। खास करके तेज हवाओं और ओलावृष्टि से धार, खरगोन समेत कई जिलों में गेहूं की फसल प्रभावित खराब हुई है, जिसने किसानों के माथे पर फिर चिंता की लकीरें खींच दी है।

फिलहाल 2-4 दिन मौसम साफ और शुष्क रहेगा। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार (22 मार्च 2026) को रीवा, सतना, पन्ना, सीधी, सिंगरौली और मैहर में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। भोपाल में आसमान एकदम साफ रहेगा। दिन का तापमान 31 डिग्री और रात का तापमान 15 डिग्री के आसपास रह सकता है।

इस दौरान 10 से 12 किमी की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 26 मार्च को सक्रिय होगा नया सिस्टम मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में दो पश्चिमी विक्षोभ और एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 130 किमी/घंटा की गति से पछुआ जेट धारा बह रही है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इससे प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बादल छाने के साथ फिर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3°C से 5°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

अप्रैल-मई में पड़ेगी भीषण गर्मी मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। अप्रैल-मई में ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 °C पहुंचने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी हाल बेहाल कर सकती है। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी, सिंगरौली में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में हीट वेव चलने की आशंका है।

Related Post