हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने स्वामी प्रसाद मौर्य को दी धमकी, कहा- जूते से पीटेंगे और सीने में मार देंगे गोली मैनपुरी: अपनी जनता पार्टी के प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ एक और विवादित बयान सामने आया है, जिसने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
इस बार अयोध्या की हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने मैनपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें खुलेआम धमकी दी है। उन्होंने हिंदुओं से मौर्य को जूते से पीटने का आह्वान किया और कहा कि अगर वह संत न होते तो खुद उनके सीने में गोली मार देते। यह पूरा मामला किशनी नगर में रविवार को आयोजित एक हिंदू सम्मेलन का है, जहां महंत राजू दास बतौर वक्ता मौजूद थे। ‘संत न होते तो खरीद लेते असलहा’ महंत राजू दास ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर हिंदुओं को आतंकवादी कहने और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने संबोधन में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया। “ये जहां भी मिल जाएं, हिंदू जूते मारकर इसका मुंह लाल कर दें। हम लोग संत हैं, माला जपते हैं। अगर हम गृहस्थ होते तो लाइसेंस बनवाते, असलाह खरीदते और स्वामी प्रसाद मौर्य के सीने में गोली मार देते।”-
महंत राजू दास उन्होंने आगे कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य को अपना नाम बदल लेना चाहिए क्योंकि उनकी भाषा हिंदुओं के प्रति बहुत खराब है। अखिलेश यादव और मथुरा का भी किया जिक्र महंत राजू दास ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को अपने स्वभाव में बदलाव लाना चाहिए। उन्हें मोदी-योगी का विरोध करते हुए सनातन धर्म का विरोध नहीं करना चाहिए।” इसके साथ ही, उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तर्ज पर मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि के निर्माण में तेजी लाने की भी पुरजोर मांग की। कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद इस हिंदू सम्मेलन के अवसर पर मंच पर कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।
इनमें ऋषि दुर्वासा आश्रम रामनगरिया के पीठाधीश्वर ईश्वर दास, ‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म के निर्माता अमित जॉनी, उन्नाव के संत श्री नारायण स्वरूप, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, रमाशंकर तिवारी, अनुराग पांडे और विहिप के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुमित चौहान प्रमुख रूप से शामिल थे।