हरवार। नीमच जिले की जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम हरवार के पश्चिम दिशा में स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक तीर्थ स्थल जलेश्वर महादेव के विकास हेतु जलेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 16 दिसंबर 2025 को जलेश्वर महादेव प्रांगण में मिट्टी भराव एवं समतलीकरण कार्य किया गया। दिनभर सेवा समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से अपने निजी ट्रैक्टरों के माध्यम से श्रमदान करते हुए प्रांगण में लगभग 200 ट्रॉली मिट्टी डलवाई। इस कार्य का उद्देश्य मंदिर परिसर को समतल बनाकर श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था एवं सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उल्लेखनीय है कि जलेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाता है, जिसमें विशाल भंडारे का आयोजन भी होता है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर भोजन प्रसाद ग्रहण करते हैं। अरावली पर्वतमाला के मध्य स्थित यह प्राकृतिक तीर्थ स्थल वर्षभर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहता है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार के प्रयासों से सड़क निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
जलेश्वर महादेव सेवा समिति ने इस विकास कार्य में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया।