मंदसौर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज जिले में बड़े उत्साह के साथ किया गया। जिला चिकित्सालय परिसर मंदसौर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत की गई।
ग्राम गुराड़िया प्रताप, विकासखंड सीतामऊ में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार ने बच्चों को दवा पिलाकर शुभारंभ किया। विकासखंड गरोठ में विधायक चंदरसिंह सिसोदिया द्वारा अभियान की शुरुआत की गई। विकासखंड धुंधड़का में उप संचालक, उज्जैन संभाग डॉ. संजीव कुमरावत ने शुभारंभ किया। विकासखंड मल्हारगढ़ में राजेश दीक्षित द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रोटरी क्लब के सदस्य एवं अन्य स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।