नीमच। महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज सेवा की दिशा में सक्रिय भारतीय योगिनी एसोसिएशन ने मनासा की कृति गुलाटी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एच. लता ने उन्हें नीमच–मंदसौर ज़िला अध्यक्ष और साथ ही राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य नियुक्त किया है। भारतीय योगिनी एसोसिएशन एक सर्व- महिला संगठन है, जो महिलाओं को उनकी सेवाओं, उत्पादों और कौशल को स्थानीय से लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराता है। विंध्य शिक्षा प्रचार समिति के अंतर्गत पंजीकृत यह संगठन मानता है कि योगिनियाँ केवल साधना करने वाली साधिकाएँ ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की सक्रिय भागीदार भी हैं। देशभर में फैला यह संगठन योग, स्वास्थ्य, तपस्या, साधना और सेवा के क्षेत्र में समर्पित महिला योगिनियों का सहयोग और सशक्तिकरण कर रहा है। इसकी संरचना राष्ट्रीय से लेकर ग्रामीण स्तर तक विस्तृत है। कृति गुलाटी की नियुक्ति से नीमच और मंदसौर क्षेत्र की महिलाओं को न केवल नए अवसर मिलेंगे, बल्कि समाज में महिला नेतृत्व को भी नई दिशा प्राप्त होगी। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्रभर से मित्रों और सहयोगियों ने बधाइयाँ प्रेषित की हैं।