Latest News

मंदसौर के नए एसपी बने विनोद कुमार मीणा, अभिषेक आनंद का इंदौर तबादला, देर रात हुई सूची जारी

निखिल सोनी August 22, 2025, 8:26 am Technology

मंदसौर। मध्यप्रदेश गृह विभाग ने गुरुवार देर रात 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की। इस सूची में मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद का नाम भी शामिल है।

अभिषेक आनंद का तबादला सेनानी प्रथम वाहिनी विसबल, इंदौर किया गया है। वहीं उनकी जगह विनोद कुमार मीणा को मंदसौर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

एसपी अभिषेक आनंद का कार्यकाल :-

एसपी अभिषेक आनंद का मंदसौर जिले में कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नशे और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने सहित कई बड़ी कार्रवाइयों में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अमले को सख्त निर्देश देते हुए कई सफल अभियान चलाए। अब उनका कार्यभार इंदौर में सेनानी प्रथम वाहिनी विसबल के रूप में होगा।

नए एसपी विनोद कुमार मीणा का परिचय :-

मंदसौर जिले की कमान संभालने वाले नए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा वर्ष 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। और युवा, ऊर्जावान व सख्त छवि वाले अधिकारी माने जाते हैं. वर्तमान पदभार ग्रहण करने से पहले वे पुलिस उपायुक्त (जोन-1) नगरीय पुलिस के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा वे उज्जैन में सीएसपी क्राइम और एडिशनल एसपी के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों के त्वरित निराकरण और जनता से संवाद की शैली से अच्छी पहचान बनाई है।

मंदसौर में नई जिम्मेदारी :-

मंदसौर जिला मादक पदार्थों की तस्करी और सीमावर्ती क्षेत्र के कारण पुलिस प्रशासन के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है। अब इस चुनौतीपूर्ण जिले की बागडोर विनोद कुमार मीणा को सौंपी गई है। जिले की जनता और पुलिस अमले में उनके कार्यकाल को लेकर नई उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि वे जिले में अपराधियों पर सख्त रवैया अपनाते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।

Related Post