Latest News

पिपलियामंडी नगर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

निखिल सोनी August 15, 2025, 12:53 pm Technology

पिपलियामंडी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को पिपलियामंडी नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही नगर में देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और हर तरफ तिरंगे की शान लहराती रही। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस थाने से हुई, जहां थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित पुलिस कर्मियों व नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प दिलाया। इसके बाद पुलिस चौकी पिपलियामंडी में चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने झंडा वंदन किया। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी में अध्यक्ष श्रीमती इंद्रा सुनील देवरिया ने ध्वजारोहण कर देशभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है और हमें समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। इसके पश्चात गांधी चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झंडा वंदन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को भी याद किया गया। समारोह में नगर के विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक -शिक्षिकाएं, नगर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नारे और तिरंगा रैली के माध्यम से उत्सव में उत्साह भर दिया। नगर के विभिन्न संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संगठनों द्वारा भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया गया। पूरे दिन नगर में तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीत और देश के प्रति सम्मान का वातावरण बना रहा।

Related Post