नीमच। शहर की अग्रणी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था कृति ने महावीर जयंती के मौके पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें कई कवियों व साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। संस्था कृति द्वारा 10 अप्रैल गुरुवार शाम 7.30 बजे इंदिरा नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में वरिष्ठ सदस्य रेणुका व्यास के सहयोग से महावीर जयंती के मौके पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया।
काव्य गोष्ठी की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा अर्चना व गुरू वंदना से हुई। इसके बाद काव्य गोष्ठी में शामिल कवियों व साहित्यकारों का फूलमालाओं से सम्मान किया गया। कृति अध्यक्ष इंजीनियर बाबूलाल गौड़ ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत पर चलना वर्तमान समय में प्रासंगिक है। पूरी दुनिया यह बात समझ चुकी है। लड़ाई-झगड़े से कुछ हासिल नहीं होता है एवं आपस में प्रेम मोहब्बत से ही जीवन सार्थक है। कृति अध्यक्ष इंजीनियर श्री गौड़ सहित अन्य अतिथियों ने रेणुका व्यास के कार्यों व उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उनका सम्मान किया। इसके बाद कवियों और साहित्यकारों ने अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत की। काव्य गोष्ठी में कृति सचिव महेंद्र त्रिवेदी, सत्येंद्र सिंह राठौड़, दिलीप दुबे, श्याम टांकवाल, रेणुका व्यास, उमा शुक्ला, वंदना माहेश्वरी, नम्रता शर्मा, पूनम भारती, रमा उपाध्याय, निर्मला गुप्ता, राजेश्वरी शर्मा, चंदा श्रीवास्तव, सुशीला बैरागी, मीनाक्षी व्यास, राजेंद्र शर्मा, देवेंद्र कुमार भारती, दिनेश मानावत सहित अन्य विशेष रूप से मौजूद रहे। संचालन राधेश्याम शर्मा ने किया। आभार डॉ जीवन कौशिक ने माना।