नीमच । केन्द्रीय प्रशिक्षण केन्द्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, नीमच में सोमवार 3 फरवरी 2025 को कुल 40 नव नियुक्त उप निरीक्षक, कैडेट्स का दीक्षान्त परेड समारोह असीम जोश व उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। दीक्षांत परेड समारोह के मुख्य अतिथि संदीप दत्ता, महानिरीक्षक सह प्राचार्य, सी.टी.सी., नीमच, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, ने परेड की सलामी ली।
इस परेड के परेड कमाण्डर उप निरीक्षक, कैडेट्स नीतेश कुमार धनकर एवं परेड द्वितीय कमान अधिकारी उप निरीक्षक, कैडेट्स प्रिंस सिंह चौहान थे। इस शुभ अवसर पर आशीष भटनागर, उप कमान्डेट, सुरेश, उप कमान्डेट, सी.टी.सी.नीमच एवं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारीगण, स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के अधिकारीगण, क्षेत्र के गणमान्य जन प्रतिनिधि, जवान एवं उनके परिजन भी उपस्थित थे। आशीष भटनागर, उप प्राचार्य, सी.टी.सी. नीमच ने मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथिगणों का स्वागत किया। 96 (डी) बैच के उपनिरीक्षक, कैडेट्स का बुनियादी प्रशिक्षण 11 मार्च 2024 से आरम्भ हुआ था। 48 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन्हें बल के अनुशासन के साथ-साथ, शारीरिक, हथियार, युद्ध कौशल, भूमि कला, कानून, प्रबंधन, युद्ध अवरोध, निहत्थी लड़ाई, हथियार व खाली हाथ की कवायद, विभिन्न हथियारों, गोला-बारूदों एवं ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
इन्हें तीन सप्ताह के अति सतर्क एवं कठिन जंगल प्रशिक्षण के साथ एक सप्ताह के जंगल सरवाईवल प्रशिक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहने का अभ्यास देकर राष्ट्र विरोधी ताकतों से लोहा लेने के लिए तैयार किया गया है। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट पांच प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि श्री दत्ता ने ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इन सभी विषयों के अतिरिक्त इन्हें कुछ महत्वपूर्ण विषयों जैसे भीड़ व दंगा नियंत्रण प्रणाली, जनता के साथ पुलिस के मधुर सम्बन्ध, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन आदि का भी प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि ये जनता में सुरक्षा व विश्वास की भावना विकसित कर सकें। इन्हें क्विज व निबन्ध लेखन प्रतियोगिता जैसे पाठ्यक्रमों पर आधारित प्रतियोगिताओं के द्वारा व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास का अवसर भी दिया गया है। ये उपनिरीक्षक, कैडेट्स अब पूर्ण सैनिक बनकर राष्ट्र-विरोधी ताकतों से मुकाबला करने के लिए पूर्णतः तैयार हो चुके है। मुख्य अतिथि संदीप दत्ता ने नव नियुक्त उप निरीक्षक, कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, कि प्रशिक्षण अब समाप्त हो गया है, लेकिन वास्तविक परीक्षा अब शुरू होगी, उन्होंने नव नियुक्त उप निरीक्षक, कैडेट्स से देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए हमेशा तत्पर रहने का आहवान किया। इस अवसर पर इन उप निरीक्षक, कैडेट्स के माता-पिता भी आशीर्वाद देने उपस्थित थे। अभिभावकों का आर्शीवचन, इन नव नियुक्त उप निरीक्षक, कैडेट्स को अपनी ड्यूटी निर्वहन के लिए प्रोत्साहित करेगा। इस मौके पर उप निरीक्षक, कैडेट्स ने सजीव सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रणकौशल का प्रर्दशन किया, जिसका उपस्थित प्रशिक्षुओं के परिवारजनों एवं अतिथियों ने आनन्द लिया।