रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शनिवार को कहा कि उन्हें फिरौती के लिए धमकी मिली है और उन्होंने इस संबंध में दिल्ली पुलिस और झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को जानकारी दी है। सेठ ने कहा कि शुक्रवार को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया जिसमें 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी।
शुरुआती जांच में धमकी देने वाले के मोबाइल की लोकेशन रांची के कांके इलाके की बताई जा रही है। इस दिल्ली और झारखंड पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। मंत्री के मुताबिक संदेश भेजने वाले ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। रांची से लोकसभा सांसद ने यहां कहा कि मैंने इस संबंध में शुक्रवार को ही दिल्ली पुलिस और झारखंड के डीजीपी को जानकारी दे दी है। एक पुलिस उपायुक्त समेत दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मुझसे मिलने आए और मैंने उन्हें जानकारी दे दी है। सेठ ने कहा कि वह ऐसी चीजों को लेकर चिंतित नहीं हैं। प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि मुझे शनिवार सुबह पता चला कि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री को धमकी भरा संदेश दिया गया है और 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है।
प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसे तत्वों को बेनकाब करना चाहिए। सिंह ने कहा कि मैं राज्य सरकार से केंद्रीय मंत्री को उचित सुरक्षा प्रदान किए जाने का अनुरोध करता हूं।
गृह मंत्रालय तुरंत कार्रवाई करे :-
कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने इसे गंभीर मामला बताया और केंद्रीय गृह मंत्रालय से इस पर गौर करने का आग्रह किया। सिन्हा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उसे अपनी एजेंसियों को सक्रिय करना चाहिए और पता लगाना चाहिए कि इस तरह की घटना के पीछे कौन है।