नीमच। विद्यार्थी अपनी पढाई के साथ ही खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अनिवार्य रूप से हिस्सा अवश्य लें। संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में सभी कलस्टरों के नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अच्छा प्रदर्शन किया है। किसी भी प्रतियोगिता में हिस्ता लेना महत्वपूर्ण है। अत: विद्यार्थी पढाई के अलावा आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा अवश्य ले। यह बात कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने बुधवार को पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय रामपुरा में 30 एवं 31 जुलाई 2024 को आयोजित संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
इस मौके एसडीएम पवन बारिया, प्राचार्य नन्दकिशोर पंवार, उप प्राचार्य राजेन्द्र सिह शेखावतएवं शिक्षकगण तथा बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कलेक्टर दिनेश जैन ने संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए सभी आयु वर्ग के विजेता एवं उप विजेता छात्र-छात्राओं को ट्राफी प्रदान कर पुरस्कृत किया और उन्हें शुभकामनाएं भी दी। प्राचार्य नन्दकिशोर पंवार ने प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में म.प्र., छत्तीसगढ, उडीसाराज्य के पांच कलस्टर उज्जैन, भोपाल, बिलासपुर, रायपुर एवं कटक के 120 बच्चों ने क्रमश: अण्डर 14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें से 30 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जो सितम्बर माह में शिलांग में होगी। प्रारंभ में प्राचार्य , उप प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक भूपेश सिह जाट ने किया तथा अंत में उप प्राचार्य शेखावत ने आभार माना।