Latest News

मानव संसाधन का समुचित उपयोग भारत को विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा - उप मुख्यमंत्री शुक्ल

Neemuch headlines June 6, 2024, 6:32 pm Technology

भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि भारत आज विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचनाएँ, कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, मैन्यूफ़ैक्चरिंग, कृषि सहित समस्त क्षेत्रों में सतत विकास हो रहा है। मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, स्किल इंडिया के माध्यम से हर सेक्टर देश के समस्त क्षेत्रों में विकास की गंगा बह रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव संसाधन का समुचित उपयोग देश में आर्थिक क्रांति लाएगा और वर्ष 2047 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सागर इंस्टिट्यूट भोपाल में विभिन्न कंपनियों में चयनित छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने छात्रों को शुभकामनाएँ दी और कहा कि पूरे मनोयोग से काम करें। देश के लिए समाज के लिए अपने कर्तव्यों को याद रखें। देश के विकास में भागीदार बने। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय की मांग अनुसार शिक्षित युवाओं को वैश्विक आवश्यकताओं के लिए तैयार करने, योग्य लोगों को उनकी योग्यतानुसार रोज़गार उपलब्ध कराने के लिए शासन के साथ देश के उद्यमी प्रयासरत हैं। उन्होंने युवा वर्ग देश के विकास को समझ रहा है और विकास की राह में सहभागी बन रहा है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मशहूर शायर निदा फ़ाज़ली की रचना “सफ़र में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो, सभी हैं भीड़ में तुम भी निकल सको तो चलो, किसी के वास्ते राहें कहां बदलती हैं, तुम अपने आप को ख़ुद ही बदल सको तो चलो” का उदाहरण देते हुए छात्रों को प्रेरित किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत और सतत प्रयास की ज़रूरत है। चेयरमैन सागर ग्रुप सुधीर अग्रवाल, एमडी सिद्धार्थ अग्रवाल सहित सागर इंस्टिट्यूट ग्रूप के शिक्षक, छात्र और छात्रों के परिजन उपस्थित थे।

Related Post