एक काव्य गोष्टी आज़ादी के नाम, साहित्यिक संस्था "सार्थक सृजन" ने स्वतन्त्रता दिवस की संध्या पर किया आयोजन, वरिष्ठ कवि और पत्रकारों का किया सम्मान

Neemuch headlines August 17, 2021, 7:01 pm Technology

नीमच। साहित्यिक संस्था "सार्थक सृजन" ने देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर एक कार्यक्रम को नूतन स्कूल के सामने डे केयर सेंटर पर आयोजित किया। संस्था के अध्यक्ष प्रमोद रामावत "प्रमोद" ने बताया कि नीमच जिले में साहित्य के क्षेत्र में विशेष रूचि रखने वाले बहुमूल्य हीरे वर्तमान में सार्थक सृजन संस्था की शोभा बढ़ा रहे हैं। शाम 6:00 बजे गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था अध्यक्ष प्रमोद रामावत "प्रमोद" वरिष्ठ कवि दुर्गेश नागदा "हँसमुख", संजय शर्मा, रोटरी क्लब अध्यक्ष कमल आंजना पत्रकार विवेक सोनू खंडेलवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर नीमच हेडलाइंस के संपादक अविनाश जाजपुरा को शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया। साथ ही नीमच में ग्रीन बेल्ट के लिए लगातार प्रयासरत नगर सुरक्षा एवं समस्या व्हाट्सएप ग्रुप के संचालक पत्रकार विवेक सोनू खंडेलवाल को भी शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया। साथ ही नीमच के 85 वर्षीय वरिष्ठ कवि श्री दुर्गेश नागदा हंसमुख को भी साहित्य के क्षेत्र में काफी लंबे समय तक सेवाएं देने पर संस्था द्वारा उन्हें भी शाल श्रीफल से सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कवियत्री रजिया सुल्ताना ने मंत्रमुग्ध कर देने वाली मां सरस्वती की वंदना सुनाई। इसके पश्चात कवि दुर्गेश नागदा हँसमुख ने अपनी काव्य रचनाओं को सभी के सामने रख उन्हें हंसा हंसा कर लोटपोट कर दिया। वही मनासा से विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में आँशु कवि भेरूलाल सुनार एवं बलवंत शक्तावत भी उपस्थित रहे। बारी-बारी सभी कवियों ने अपनी ओजस्वी एवं भावपूर्ण रचनाओं को श्रोताओ के बीच रखा। लगभग 3 घंटे तक काव्य गोष्ठी का आयोजन चलता रहा उसके पश्चात संस्था के अध्यक्ष रामावत ने आने वाले कार्यक्रमों के बारे में एक टूर प्रोग्राम की भी चर्चा की। शीघ्र ही संस्था का एक प्रादेशिक टूर प्रोग्राम होने जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान "सार्थक सृजन" संस्था के पहले फोल्डर " अपना देश" का विमोचन कार्यक्रम में पधारे हुए अतिथियों द्वारा किया गया। संस्था से ऑनलाइन रूप से जुड़े हुए यूपी के उन्नाव जिले के राकेश तिवारी ने भी काव्य गोष्ठी हेतू अपनी काव्य रचना वीडियो के माध्यम से भेजी। जिसे भी काफी सराहा गया। वही कवि श्रीमती कुसुम शर्मा ने एक प्रयास करते हुए फेसबुक पर "सार्थक सृजन" संस्था का पेज बनाया जिसमें देश के विभिन्न कोनो से मात्र 3 माह में 530 से अधिक जागरूक सदस्यों का समूह तैयार हो गया।

इस दौरान संस्था अध्यक्ष प्रमोद रामावत "प्रमोद" सचिव संजय शर्मा, नरेंद्र व्यास, भगवंत उपाध्याय, श्रीमती कुसुम शर्मा, उमा शुक्ला, रजिया सुल्ताना, शालिनी अग्रवाल, रेणुका व्यास, पंकज धींग, गोपाल सिंह चौहान, अजीत सिंह चौहान, श्री गेहलोत हंसमुख नागदा, दादु प्रजापति, भेरूलाल सुनार, बलवन्त शक्तावत, अविनाश जाजपुरा, कमल आंजना, विवेक सोनू खंडेलवाल, पंकज नागदा आदि मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था अध्यक्ष प्रमोद रामावत " प्रमोद" द्वारा किया गया और अंत में आभार सचिव संजय शर्मा द्वारा माना गया।

Related Post