लोकार्पण कर ग्रीन बेल्ट में रौपे पौधे, नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप करेगा सेवा

Neemuch headlines July 5, 2021, 10:04 pm Technology

नीमच। शहर के सौन्दर्यकरण, पर्यावरण व हरियाली के मद्देनजर शहर में पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप को सौंपे गये ग्रीन बेल्ट गार्डन का लोकार्पण उसी के अंतर्गत हुआ। नीमच के मारुति नंदन बालाजी मंदिर के सामने ग्रीन बेल्ट गार्डन का लोकार्पण व पौधरोपण कार्यक्रम नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप एवं नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि पौधों में समाज की भागीदारी होना जरूरी है जब तक समाज की भागीदारी नहीं होती पौधे नहीं चल पाते हैं। नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप के सदस्यों ने भागीदारी की है अब पौधा रोपण के कार्य को राजस्थान की सीमा तक ले जाने का संकल्प लेते हैं। पौधे लगाना मानव जीवन का पवित्र पुनीत कार्य है यह कार्य निरंतर चलते रहना चाहिए। धन की कमी नहीं आने दी जावेगी।

इस अवसर पर विधायक परिहार ने गोमाबाई पुलिया से लेकर नीमच सिटी तक बहने वाले नाले की करोड़ों की योजना बनाकर शीघ्र ही क्रियान्वयन की बात भी रखी। कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने कहा कि ग्रुप का सभी समस्याओं पर सकारात्मक सुझाव रहता है टीकाकरण में भी ग्रुप के सदस्यों ने अच्छी भूमिका निभाई है। अग्रवाल ने कहा कि पौधारोपण कि यह अच्छी शुरुआत है ऐसा पूरे शहर में होना चाहिए। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य के साथ भावनाएं जुड़ी हो तो अच्छा काम होता है पौधों के साथ ग्रुप की भावना है तो इन पौधों की परवरिश भी अच्छी से होती रहेगी। इस अच्छे कार्य में प्रशासन पूरी तरह साथ है। भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि ईश्वर ने हम सब की भूमिका ऐसे पुनीत कार्य के लिए बनाई है हमें उनका धन्यवाद देना चाहिए। हरे-भरे नीमच के संकल्प के साथ कार्यक्रम किया है जो सराहनीय है।

कार्यक्रम को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेश सक्सेना ने संबोधित करते हुए कहा कि नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप में समस्या ही नहीं होती है बल्कि उसका क्रियान्वयन भी होता है। स्वागत भाषण देते हुए ग्रुप एडमिन विवेक खंडेलवाल 'सोनू' ने ग्रुप के द्वारा की जा रही गतिविधियों से गणमान्य नागरिकों को अवगत करवाया।

समारोह में विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर मयंक अग्रवाल, एसपी सूरज वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश सक्सेना, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष योगेश जैन, मोहन राणावत, समाजसेवी संतोष चोपड़ा, डॉ दीपक सिंहल, ग्रुप एडमिन विवेक खंडेलवाल मंचासीन थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर ग्रीन बेल्ट गार्डन निर्माण में तथा टीकाकरण शिविर में सेवा देने वाले सदस्यों का शाल श्रीफल एवं मोतियों की माला से सम्मान किया गया। अतिथियों द्वारा ग्रीन बेल्ट गार्डन की पट्टी का का लोकार्पण किया गया साथ ही गार्डन में मटका सिंचाई पद्धति से प्रथम पेज में 52 पौधे रोपित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन माधुरी चौरसिया व दीपक मुंदड़ा ने किया। अंत में आभार नगरपालिका के सीएमओ सीपी राय द्वारा व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, समाजसेवी, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप के महिला व पुरुष सदस्य मौजूद थे।

Related Post